बकायेदारों पर नगर निगम का शिकंजा, कई भवन सील
1. एक लाख से ऊपर बड़े बकायेदारों पर की कई कार्रवाई
2. विभागीय अधिकारियों ने पहले नोटिस दिए, फिर एक्शन
3. सीलिंग की कार्रवाई होने के बाद बकाया जमा करने पहुंचे
4. शाम छह बजे तक चलेगा बकायेदारों के खिलाफ अभियान
बरेली। नगर निगम ने संपत्ति कर बकाया रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को निगम की टीम ने 15 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई की। जिसमें से 11 भवन स्वामियों ने बकाया कर जमा कर सीलिंग रुकवा ली, वहीं 5 भवनों को सील कर दिया गया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि नगरायुक्त संजीव कुमार मौर्य के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। जोनल प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बड़े बकायेदारों पर सख्त कार्रवाई करें। शनिवार को जोन-1 और जोन-3 में कार्रवाई की गई।शनिवार को जोन एक और तीन में सीलिंग की कार्रवाई हुई है।
इसमें गढ़ैया मो. आतिक पर 1.47 लाख जिसमें से 50 हजार रुपये मौके पर जमा किए। बमनपुरी के रामकुमार पर एक लाख से अधिक बकाया था जिसमें 60 हजार से अधिक जमा किया। मो. अख्तर पर 1.64 लाख का बकाया था, भवन को सील कर दिया। किला छावनी में राममूर्ति एंड संस पर 1.58 लाख बकाया था, 50 हजार रुपये जमा किए गए। फजल अहमद पर 1.56 लाख बकाया होने पर भवन सील किया। शब्बीर हुसैन पर भी 21 हजार से अधिक बकाया होने पर सीलिंग की कार्रवाई हुई। जोन-3 के कटरा चांद खां एंटा सोडा सिंडिकेट पर 4.25 लाख में 75 हजार जमा कराया। सूफीटोला में मोतीराम पर 2.25 लाख बकाया था जिसमें एक लाख से अधिक जमा किया। टेलर मास्टर बजरिया इनायत पर 2.14 लाख बकाया था, 60 हजार जमा किया। महबूब अली पर 1.39 लाख का बकाया में से 70 हजार जमा किया किया। आकाशपुरम के हरिचरण पर डेढ़ लाख बकाया था एक लाख जमा कराया। नवादाशेखान में विजेंद्र सिंह पर 1.28 लाख से अधिक बकाया था 40 हजार जमा कराया। नक्षत्र पाल सिंह पर 66 हजार बकाया 20 हजार जमा कराया। जगतपुर में आशा बेगम पर 1.17 लाख का बकाया था उनके भवन पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसी तरह मोइन के भवन पर एक लाख से अधिक बकाया था जमा किया गया।
रविवार को भी खुलेगा टैक्स काउंटर
नगर निगम ने बकायेदारों को राहत देते हुए 31 मार्च तक अवकाश के दिनों में भी संपत्ति कर जमा करने के लिए काउंटर खोलने का निर्णय लिया है। शनिवार को टैक्स जमा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। टैक्स का भुगतान कैश, चेक और ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि रविवार को भी करदाता अपने बकाया बिलों का भुगतान कर सकते हैं। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि यदि बकायेदार जल्द कर नहीं चुकाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।