राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 10 फरवरी को

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 10 फरवरी को

मीरगंज, बरेली। मीरगंज में 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत एक बड़ा अभियान चलाया जाएगा। जिसमें सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज के चिकित्सा प्रभारी डॉ. विनय कुमार पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में बच्चों को 10 फरवरी को गोली खिलाई जाएगी और जिन बच्चों से छूट जाएगा। उन्हें 14 फरवरी को आयोजित मॉप-अप राउंड के दौरान फिर से गोलियां दी जाएंगी। इस कदम से बच्चों को इस घातक बीमारी से बचाने का प्रयास किया जाएगा। इस अभियान के सफल संचालन के लिए बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र चुरई पर शिक्षकों का अभिमुखीकरण किया गया। वहीं, गुरुवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का भी अभिमुखीकरण किया गया। अभिमुखीकरण सत्र में डॉ. विनय कुमार पाल के साथ खंड शिक्षा अधिकारी जमुना प्रसाद गौतम, बीआरसी केंद्र के शिक्षक, बीपीएम, बीसीपीएम सहित अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहे।