रेलवे मजदूर की सड़क हादसे में मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक

मीरगंज के सिधौली निवासी रेलवे मजदूर यशपाल की सड़क हादसे के बाद मौत हो गई। परिजनों ने साथ गए गार्ड की भूमिका पर सवाल उठाते हुए हत्या का आरोप लगाया।

रेलवे मजदूर की सड़क हादसे में मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक
HIGHLIGHTS:

हरियाणा में रेलवे के काम से गए मजदूर यशपाल हादसे में घायल हुए थे।

इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर बरेली जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।

जन माध्यम
बरेली।
थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव सिधौली निवासी 40 वर्षीय यशपाल पुत्र शिवकुमार की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद मौत हो गई। यशपाल रेलवे के ठेकेदार के पास मजदूरी करते थे। परिजनों ने घटना को हादसा मानने के बजाय हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।

परिजनों के मुताबिक यशपाल करीब दो साल से ठेकेदार गुलाबराय के पास काम कर रहे थे। रक्षाबंधन पर वह घर आए थे और दो दिन बाद वापस काम पर चले गए। हरियाणा के होडल-पलवल के पास रेलवे का टीएसएस कार्य चल रहा था, जिसमें वह मजदूरी कर रहे थे।

बताया गया कि 14 सितंबर को करीब 11 बजे यशपाल गार्ड कमल के साथ मोटरसाइकिल से कंपनी के काम से गए थे। बाद में कमल ने परिवार को कार से दुर्घटना होने की जानकारी दी और यशपाल के घायल होने की बात बताई। परिजन हरियाणा पहुंचे तो यशपाल के शरीर पर गंभीर चोटें थीं, जबकि उनके साथ मौजूद कमल को चोट नहीं लगी थी। इसी आधार पर परिजनों ने घटना पर सवाल उठाते हुए हत्या का आरोप लगाया।

परिजनों ने यशपाल को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा था। रात में अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिजन उन्हें घर ला रहे थे। रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बरेली जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

यशपाल की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी गीता देवी और तीन बेटे हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।