पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बरेली में किया संरक्षा निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना की समीक्षा

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बरेली व इज्जतनगर मंडल का निरीक्षण कर संरक्षा, यात्री सुविधाओं और अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बरेली में किया संरक्षा निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना की समीक्षा
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बरेली में किया संरक्षा निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना की समीक्षा
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बरेली में किया संरक्षा निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना की समीक्षा
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बरेली में किया संरक्षा निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना की समीक्षा
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बरेली में किया संरक्षा निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना की समीक्षा
HIGHLIGHTS:

महाप्रबंधक ने बरेली व इज्जतनगर मंडल की संरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

• पीलीभीत स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा की।

• संरक्षा, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने इज्जतनगर मंडल का व्यापक संरक्षा एवं विकास निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने इज्जतनगर-माला रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए रेल पथ, परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पीलीभीत स्टेशन के विकास कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 5 और 6 के स्टेशन यार्ड तथा सर्कुलेटिंग एरिया के पुनर्विकास कार्यों की भी समीक्षा की। वहीं बरेली सिटी स्टेशन पर टिकट काउंटर, आरक्षण कक्ष, प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीन तथा निर्माणाधीन अंडरपास का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समपार फाटक पर गेटमैन की कार्यकुशलता की सराहना

इज्जतनगर स्थित समपार फाटक संख्या 236 पर महाप्रबंधक ने गेटमैन सुनील कुमार से संरक्षा संबंधी जानकारी ली और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली का प्रदर्शन कराया। गेटमैन द्वारा स्लाइडर बूम का सफल संचालन किए जाने पर उन्होंने उसकी सराहना की तथा निर्देश दिया कि स्लाइडर बूम को हमेशा लुब्रिकेटेड रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उसका सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।

रेलवे सुरक्षा बल और ट्रैकमैनों से संवाद, सुरक्षा मानकों पर दिया जोर

महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल रिजर्व लाइन का निरीक्षण करते हुए बैरकों, आवासीय कक्षों और केंद्रीय पुलिस कल्याण भंडार का जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छता, जल निकासी और महिला आरक्षियों के लिए पृथक बैरक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही श्वान दस्ते की सुविधाओं की भी समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ) कार्यालय पहुंचकर ट्रैकमैनों से संवाद किया और सुरक्षा उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन और ईयरफोन का प्रयोग न किया जाए तथा ट्रैक पर कार्य करते समय पूर्ण सतर्कता बरती जाए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को मिलेगा पुरस्कार, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

निरीक्षण के समापन पर महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने इंजीनियरिंग विभाग और रेलवे सुरक्षा बल रिजर्व लाइन के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहन पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रेलवे की पहली प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर सुविधाएं हैं। सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि भविष्य में यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक रेल यात्रा का अनुभव मिल सके। इस अवसर पर महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक ने रिजर्व लाइन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

रिपोर्ट: रविंदर सिंह