वारंट की तामील में बवाल, सात आरोपी गिरफ्तार
न्यायालय के आदेश की तामील रोकने के लिए पुलिस टीम से भिड़े आरोपी, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज
न्यायालय के आदेश की तामील में बाधा डालने पर 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा
सीबीगंज पुलिस ने घेराबंदी कर सात आरोपियों को दबोचा
पुलिस टीम पर हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप
जन माध्यम
बरेली। कानून की इज्जत और वर्दी की गरिमा को चुनौती देने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट एनबीडब्ल्यू की तामील कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालकर वारंटी को छुड़ाने की कोशिश करने के मामले में सीबीगंज पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में अपराधियों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि कानून के रास्ते में रुकावट डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस के मुताबिक 30 और 31 अक्टूबर की रात उपनिरीक्षक पवन कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ तिलियापुर निवासी भोला उर्फ सिपहिया और उसके भाई लईक के गैर जमानती वारंट की तामील कराने पहुंचे थे। पुलिस ने भोला को वारंट से अवगत कराकर हिरासत में ले लिया। इसी दौरान लईक को पकड़ने का प्रयास किया गया तो आरोप है कि उसकी पत्नी कुबरा और परिजनों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया। लईक को मौके से भगा दिया गया, जबकि भोला को छुड़ाने के लिए ।पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्रता की गई। हालात बिगड़ने पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और भोला को सुरक्षित थाने पहुंचाया गया।
मामले में सीबीगंज थाने पर भोला समेत 12 लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा संख्या 433/26 दर्ज किया गया। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राशिद, जाहिद, शाहिद, अजहर, साबिर और इमरान को गिरफ्तार कर लिया। वारंटी भोला समेत कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस के अनुसार राशिद का पूर्व में भी एक आपराधिक मुकदमे में नाम दर्ज है, जबकि भोला के खिलाफ वर्ष 2008 का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।
एसएसपी अनुराग आर्य की अपराध और अपराधियों के प्रति सख्त नीति के तहत हुई इस कार्रवाई में एसपी सिटी चिराग जैन के पर्यवेक्षण में सीबीगंज पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाई। थाना प्रभारी विनोद सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने चुनौतीपूर्ण हालात में कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और पुलिस के सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। न्यायालय से जारी वारंट की तामील पुलिस की जिम्मेदारी है। पुलिस टीम के साथ अभद्रता, मारपीट और वारंटी को छुड़ाने का प्रयास गंभीर मामला है। ऐसे कृत्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
— चिराग जैन, एसपी सिटी।