यूएन विशेष राजदूत डॉ. साहिल सिंह पहुंचे मनौना धाम, बाबा श्याम के किए दर्शन

संयुक्त राष्ट्र में विशेष मामलों के भारतीय राजदूत डॉ. साहिल सिंह ने बरेली के मनौना धाम पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन किए और महंत ओमेंन्द्र महाराज से आशीर्वाद लिया। मंदिर विकास की सराहना की और भक्ति में लीन हुए।

यूएन विशेष राजदूत डॉ. साहिल सिंह पहुंचे मनौना धाम, बाबा श्याम के किए दर्शन
महंत ओमेंन्द्र महाराज से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए डॉ. साहिल सिंह।
HIGHLIGHTS:

बाबा श्याम के दर्शन कर लिया महंत ओमेंन्द्र महाराज से आशीर्वाद

आंवला, बरेली। संयुक्त राष्ट्र में भारत के सतत विकास लक्ष्यों से जुड़े विशेष मामलों के रणनीतिक राजदूत डॉ. साहिल सिंह सोमवार को अपने परिवार और मित्रों संग श्री श्याम मंदिर, मनौना धाम पहुंचे। श्रद्धा से ओतप्रोत डॉ. सिंह ने बाबा श्याम के दर्शन किए और महंत ओमेंन्द्र महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। डॉ. सिंह ने बताया कि इससे पहले भी वह मनौना धाम आ चुके हैं और यहां आकर उन्होंने मन्नत मांगी थी। बाबा श्याम और महंत जी महाराज के आशीर्वाद से उनकी मुराद पूरी हुई, इसलिए एक बार फिर धाम में हाजिरी देने पहुंचे हैं।

डॉ. साहिल सिंह ने हाल ही में 1 मई 2025 को डब्ल्यूएसए के माध्यम से संयुक्त राष्ट्र में विशेष मामलों के राजदूत का कार्यभार संभाला है। इससे पहले वे अफ्रीकी डायस्पोरा के प्रधानमंत्री डॉ. लुइस जॉर्ज के सलाहकार के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि यूनाइटेड नेशन्स के आर्टिकल 102 ऑफ चार्टर के तहत वह विकासशील देशों में कुपोषण, बैंकिंग, शिक्षा और औद्योगिक साझेदारी पर काम कर रहे हैं। डॉ. सिंह ने धाम में चल रहे विकास कार्यों को देखकर मंदिर प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने कहा कि कम संसाधनों में इतनी सुंदर और भक्तिपूर्ण व्यवस्था देख मन प्रसन्न हो गया।

मंदिर के प्रबंधक आर्येन्द्र सिंह चौहान ने सभी आगंतुकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर महेन्द्र पाल सिंह, अमित सिंह, श्यामेन्द्र सिंह चौहान, मानवेन्द्र सिंह चौहान, सचिन सक्सेना, धीरेन्द्र सिंह तोमर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।