बरेली: जनगणना ड्यूटी से हेड इंचार्ज और अस्वस्थ शिक्षकों को मुक्त करने की मांग, शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने स्कूलों के हेड इंचार्ज, गंभीर बीमार और वृद्ध शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग उठाई है। संघ ने बीएसए और एडीएम को ज्ञापन सौंपकर वैकल्पिक व्यवस्था की अपील की।

बरेली: जनगणना ड्यूटी से हेड इंचार्ज और अस्वस्थ शिक्षकों को मुक्त करने की मांग, शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
बरेली में बीएसए को ज्ञापन सौंपते शिक्षक संघ के पदाधिकारी।
HIGHLIGHTS:

जनगणना ड्यूटी में 99.5% शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने पर शिक्षक संघ ने जताई आपत्ति।

हेड इंचार्ज की ड्यूटी से विद्यालय संचालन और विभागीय कार्यों में आ रही बाधा।

जन माध्यम

बरेली। राष्ट्रीय कार्यक्रम जनगणना के अंतर्गत मकान गणना के लिए लगाए गए शिक्षकों की ड्यूटी को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने बेसिक शिक्षा विभाग के लगभग सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की ड्यूटी लगाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कुछ विशेष श्रेणियों के शिक्षकों को इससे मुक्त रखने की मांग की है।

संघ के जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार ने बताया कि स्कूलों के हेड इंचार्ज की ड्यूटी लगने से विद्यालय संचालन और महत्वपूर्ण विभागीय सूचनाओं के आदान-प्रदान में भारी समस्या आ रही है। इसके अलावा, गंभीर रूप से बीमार, वृद्ध शिक्षकों और छोटे बच्चों की माता शिक्षिकाओं को इस भीषण गर्मी में क्षेत्र में जाकर जनगणना कार्य करने में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

इसी मांग को लेकर जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार, मांडलिक मंत्री के.सी. पटेल और जिला मंत्री बलवीर सिंह ने जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त) एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को ज्ञापन सौंपा। संघ ने स्पष्ट मांग की है कि उक्त श्रेणियों के शिक्षकों को तत्काल ड्यूटी से मुक्त किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर अन्य विभागों के कर्मचारियों का सहयोग लिया जाए।