मीरगंज: 12 वर्षीय बालिका की मौत में नया मोड़, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि से हड़कंप
मीरगंज में 28 अप्रैल को हुई 12 वर्षीय बालिका की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और शरीर पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित कर जांच तेज कर दी है।
28 अप्रैल को घर में फंदे से लटका मिला था बालिका का शव, पोस्टमार्टम में हुआ दुष्कर्म का खुलासा।
बालिका के शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान, मौत की तकनीकी वजह 'हैंगिंग' आई सामने।
करण पाल सिंह। जन माध्यम
मीरगंज। बरेली। जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक गांव में 28 अप्रैल को हुई 12 वर्षीय बालिका की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया है। रिपोर्ट में बालिका के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की दिशा बदल दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना 28 अप्रैल की शाम की है। उस समय बालिका का पिता मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था और माँ राशन लेने गई थी। घर पर बालिका अपनी छोटी बहन के साथ थी, जिसने कमरे में अपनी बड़ी बहन का शव फंदे से लटका हुआ पाया। शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने स्थिति पूरी तरह बदल दी। रिपोर्ट में न केवल दुष्कर्म की पुष्टि हुई है, बल्कि शरीर पर गंभीर चोट के निशान भी पाए गए हैं। हालांकि, मौत का तकनीकी कारण 'हैंगिंग' बताया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले माँ ने बालिका की डंडे से पिटाई की थी। पुलिस अब इस पहलू की भी बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। परिजनों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस जघन्य अपराध का खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।