जेल पर महिला आयोग की नजर, डेलिना खोंगडुप ने महिला बैरक का किया निरीक्षण
1. सुधार और संवेदना पर दिया जोर
बरेली। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डेलिना खोंगडुप ने बरेली के केन्द्रीय कारागार-2 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला बैरक की सफाई, सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवहार सुधार कार्यक्रमों की स्थिति का जायजा लिया। खोंगडुप ने महिला बंदियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और जेल प्रशासन को सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार और पुनर्वास की दिशा में ठोस प्रयास जरूरी हैं। निरीक्षण के बाद उन्होंने जेल परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि हर संस्था को हरियाली बढ़ाने की दिशा में प्रयास करने चाहिए, जिससे बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़े।
इस दौरान महिला आयोग की सदस्य के साथ नेहा यादव और लकी शर्मा भी मौजूद रहीं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
डेलिना खोंगडुप ने जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की, लेकिन साथ ही सुधार की निरंतर आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि महिला आयोग का उद्देश्य महिला बंदियों के अधिकारों की रक्षा और पुनर्वास है, जिसके लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।