बाइक सवार लुटेरों ने महिला के कुंडल लूटे, चलती बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला
1. तमंचा दिखाकर फरार हुए बदमाश
2. पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
सिरौली (रामू कठेरिया)। बरेली देहात के थाना सिरौली क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने महिला से सोने के कुंडल लूट लिए। झपटमारी के दौरान महिला चलती बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता के पति ने बदमाशों का पीछा किया। लेकिन लुटेरों ने तमंचा दिखाकर धमका दिया और फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिससे क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है।
जानकारी के मुताबिक संभल जिले के थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव बागड़पुर निवासी पवन कुमार अपनी पत्नी सर्वेश देवी के साथ सिरौली क्षेत्र के गांव धनौरा गौरी में जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे टांडा कस्बे से आगे बढ़े, लकड़ी की टाल के पास पीछे से आए बिना नंबर की बाइक पर सवार दो बदमाशों ने चलती बाइक पर झपट्टा मारकर महिला के एक कान से सोने का कुंडल लूट लिया।झपटमारी के दौरान महिला संतुलन खो बैठी और बाइक से नीचे गिर गई। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। पवन कुमार ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन लुटेरों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लुटेरे भाग चुके थे।
पवन कुमार ने घायल पत्नी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की तहरीर थाने में दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय जांच की बात कहकर मामला टाल दिया। इस घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं और बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सिरौली क्षेत्र में लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस की निष्क्रियता से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात ने आमजन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।