दिनदहाड़े युवक की चाकुओँ से गोद कर हत्या, जाने पूरा मामला
1. जुलूस के विवाद का हुआ खूनी अंत
2. पुलिस पर उठे सवाल
Bareilly News: बारादरी थाना क्षेत्र के कांकर टोला मोहल्ले में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सरेआम एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मारा गया युवक अरशद उर्फ गुड्डू है, जिसको ताबड़तोड़ चाकू मारे गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में अफरा तफरी मच गई है। थाने की पुलिस काफई देर बाद मौके पर पहुंच सकी। घटना की पृष्ठभूमि में बारावफात के जुलूस को लेकर शुरु हुआ विवाद है। जिसमें दो पक्षों में तनातनी हो गई थी।जिसकी चिंगारी अब तक सुलग रही थी।
रविवार को इसी पुराने विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया और बहस के दौरान अरशद पर चाकू से हमला कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ अरशद को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। शोक और आक्रोश के बीच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सवालों के घेरे में पुलिस
इस घटना से बारादरी पुलिस पर कई सवाल भी खड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को समय रहते सूचना दी गई थी मगर पुलिस देर से पहुंची। पहले का विवाद था, इस पर नजर रखी जा सकती थी। थानों में एक बीट सिस्टम भी होता है, जिससे छोटी छोटी सूचनाओँ पर भी पुलिस की निगाह रहती है। अगर समय रहते स्थानीय पुलिस और जिम्मेदार इस पर ध्यान देते तब शायद अरशद की जान बच जाती।