एयरफोर्स स्टेशन में वायु सैनिक ने सर्विस राइफल से माथे में गोली मारकर की आत्महत्या, भाई बोले- मजबूर किया गया मौत का बदला लूंगा

बरेली एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात वायु सैनिक शुभम कुमार ने सुरक्षा कार्यालय में सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। भाई ने आरोप लगाया कि उसे मजबूर किया गया था। पुलिस और वायुसेना जांच कर रहे हैं।

एयरफोर्स स्टेशन में वायु सैनिक ने सर्विस राइफल से माथे में गोली मारकर की आत्महत्या, भाई बोले- मजबूर किया गया  मौत का बदला लूंगा
फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

▶ वायु सैनिक शुभम कुमार ने सर्विस राइफल से आत्महत्या की
▶ सफाईकर्मी ने सुबह शव देखा, कमरा खून से लथपथ
▶ मृतक 5 साल से वायुसेना में, जून 2024 में बरेली पोस्टिंग
▶ भाई का आरोप—मजबूर किया गया, 4 बजे आधे घंटे फोन पर बात
▶ मौत का बदला मौत से कम नहीं—भाई की चेतावनी
▶ पुलिस व वायुसेना की संयुक्त टीम जांच में जुटी
▶ आत्महत्या के पीछे तनाव या अन्य कारणों की जांच जारी

हसीन दानिश / जन माध्यम

बरेली। एयरफोर्स स्टेशन के सुरक्षा कार्यालय में तैनात वायु सैनिक ने शुक्रवार तड़के सर्विस राइफल से माथे में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सुबह करीब 7 बजे सफाई कर्मचारी जब दफ्तर पहुंचा तो कमरे का खौफनाक मंजर देख उसके होश उड़ गए। वायु सैनिक शुभम कुमार कुर्सी पर बैठे मृत मिले, सिर मेज पर झुका था और कमरा खून से लथपथ था।

पंजाब के लुधियाना निवासी शुभम कुमार करीब 5 साल पहले वायु सेना में भर्ती हुए थे। जून 2024 में उनकी पोस्टिंग बरेली एयरफोर्स स्टेशन पर हुई थी, जहां वे सुरक्षा कार्यालय में ड्यूटी पर तैनात थे। गुरुवार को उनकी ड्यूटी शाम 7:30 बजे से शुक्रवार सुबह 7 बजे तक थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद भी वे कार्यालय से बाहर नहीं निकले।

सुबह सफाईकर्मी ने कमरा खोला तो शुभम को गोली लगी हालत में देखा। तुरंत अधिकारियों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और वायु सेना के अधिकारी जांच में जुट गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन कारणों का पता नहीं चल सका है।

भाई का दावा: मजबूर किया गया, सुबह 4 बजे आधे घंटे फोन पर बात हुई

मृतक के बड़े भाई विपिन कुमार ने से कहा, मेरे भाई को मजबूर किया गया। बहुत परेशान होकर उसने सुसाइड किया। सुबह 4 बजे उसके पास फोन आया था, करीब आधे घंटे बात हुई। उसके बाद न जाने क्या हुआ कि उसने यह कदम उठा लिया। मेरा भाई, मेरा जिगर का टुकड़ा अब इस दुनिया में नहीं रहा। वो एयरफोर्स में था। अब भाई की मौत का बदला मौत से कम स्वीकार नहीं करूंगा। जिसने मेरे भाई की जान ली, उसे भी मौत की सजा मिले। जो भी जिम्मेदार है, पुलिस उन पर सख्त कार्रवाई करे।

विपिन कुमार भारतीय सेना में हवलदार हैं। हाल ही में उनकी पोस्टिंग वेस्ट बंगाल से बरेली हुई थी। गुरुवार को दोनों भाइयों की वॉट्सऐप पर बात हुई थी। वीकेंड पर मिलने और जनवरी में छुट्टी लेकर बहन की शादी की तैयारियां करने का प्लान था। विपिन ने बताया, दोनों भाई बहुत खुश थे, क्योंकि पोस्टिंग एक ही शहर में हो गई थी।

पुलिस और वायु सेना की संयुक्त टीम जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक, मानसिक तनाव या कोई अन्य कारण भी सामने आ सकता है।