सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश: मंदिर की दीवार पर लिखा आपत्तिजनक संदेश, पहले ख्वाजा साहब की शान में की थी गुस्ताखी
कुछ खुराफाती बार-बार साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। शहर के एक मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक संदेश लिखा मिला है।इससे पहले सोशल मीडिया पर ख्वाजा साहब की शान में भी अभद्र टिप्पणियां की गई थीं। जिसके चलते आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
बरेली। कुछ खुराफाती बार-बार साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। शहर के एक मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक संदेश लिखा मिला है।इससे पहले सोशल मीडिया पर ख्वाजा साहब की शान में भी अभद्र टिप्पणियां की गई थीं। जिसके चलते आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। मगर, बुधवार को क्षेत्र के लोगों ने मंदिर की दीवार पर लिखा देखा, तो हंगामा कर दिया। लोगों की भीड़ लगने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पहले, तो दीवार पर लिखा मिटवाया गया। इसके बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शांति मां मंदिर की दीवार पर लिखा
शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बिहारीपुर ढाल पर मठिया शांति मां दुर्गा मंदिर स्थित है। मंदिर की दीवार पर दो से तीन दिन पहले माहौल खराब करने के लिए किसी ने आपत्तिजनक लिख दिया है। यहां से गुजरने वाले लोगों ने दीवार पर यह लिखा देखा, तो इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। इस दौरान वहां पर लोगों की भीड़ लग गई। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने घटना को लेकर काफी नाराजगी जताई। इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश और तनाव पैदा कर दिया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
इससे पहले ख्वाजा साहब की शान में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली गई थी। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके साथ ही जमात रजा-ए-मुस्तफा ने एक सिपाही पर भी आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप लगाया था। उसके खिलाफ कार्रवाई को तहरीर दी गई है। मगर, इस मामले को गंभीरता से पुलिस ने लिया है। दीवार पर लिखे आपत्तिजनक शब्द पर पेंट करा दिया। मामला दो से तीन दिन पुराना है। जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात इंस्पेक्टर कोतवाली ने कही। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इसके साथ ही धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने आम जनता से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की है।