दूसरी शादी का फर्जीवाड़ा
बहेड़ी में पहले से शादीशुदा युवती द्वारा दूसरी शादी कर जेवरात और पांच लाख रुपये लेकर फरार होने का मामला सामने आया है, एसएसपी के आदेश पर छह पर मुकदमा दर्ज हुआ।
➡️ दूसरी शादी कर धोखाधड़ी का आरोप
➡️ पहले कोर्ट मैरिज की सच्चाई छुपाई
➡️ जेवरात व 5 लाख नकद लेकर फरार
➡️ पीड़ित ने एसएसपी से की शिकायत
➡️ युवती समेत 6 लोगों पर मुकदमा
➡️ 20 लाख रुपये की मांग का आरोप
➡️ पुलिस ने शुरू की जांच
➡️ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
जन माध्यम | बहेड़ी।
शादी के नाम पर धोखाधड़ी और साजिश का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें पहले से शादीशुदा युवती ने अपने परिजनों के साथ मिलकर एक युवक से दूसरी शादी कर ली। मामला खुलने पर युवती शादी के जेवरात और पांच लाख रुपये नकद लेकर मायके बैठ गई। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश से युवती समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना बहेड़ी क्षेत्र के गांव मुंडिया नबी बख्श निवासी नरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र रीत राम सिंह की शादी बीते वर्ष 11 नवंबर को थाना देवरनियां क्षेत्र के गांव गोपालपुर कनमन निवासी कृष्ण पाल की पुत्री स्वाति गंगवार से कराई गई थी। आरोप है कि शादी से पहले स्वाति द्वारा की गई कोर्ट मैरिज की सच्चाई जानबूझकर छुपाई गई।
पीड़ित के अनुसार शादी के अगले ही दिन स्वाति को उसके मायके वाले अपने साथ ले गए और साथ में सोने के जेवरात व करीब पांच लाख रुपये नकद भी ले गए। जब उसे ससुराल वापस बुलाया गया तो कभी परीक्षा तो कभी अन्य बहाने बनाकर टालमटोल किया गया।
इसी बीच पीड़ित को जानकारी मिली कि स्वाति ने इससे पहले आर्य समाज मंदिर में विनय कुमार नामक युवक से विवाह किया था और उसका रजिस्ट्रेशन भी कराया गया था। आरोप है कि उक्त विवाह को छुपाने के लिए तलाक का मुकदमा दायर कर बाद में पोल खुलने के डर से वापस ले लिया गया।
नरेंद्र प्रताप सिंह का आरोप है कि स्वाति और उसके परिजनों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत उससे शादी कराई, जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुका है। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा अब उस पर 20 लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने किसी भी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मामले में पुलिस ने स्वाति गंगवार, उसके पिता कृष्ण पाल, मां विमलेश, भाई गौरव (निवासीगण गोपालपुर कनमन, थाना देवरनियां) तथा शुभरानी और दया शंकर (निवासी ग्राम मुंडिया चौधरी, थाना क्योलड़िया) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।