बहेड़ी: 40 मुकदमों का 'शातिर' अपराधी अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
बहेड़ी पुलिस ने 40 से अधिक गंभीर मुकदमों में नामजद अपराधी मोहम्मद अलीम को अवैध हथियार सहित धर दबोचा। आरोपी पर हत्या के प्रयास, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे कई मामले दर्ज हैं।
बहेड़ी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरसौली रोड से शातिर अपराधी को दबोचा।
आरोपी मोहम्मद अलीम के पास से 12 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद।
जन माध्यम
बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके ऊपर लूट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट जैसे 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल की रात गश्त के दौरान उप निरीक्षक अंकित सिंह बघेल और रजनीश कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि गुरसौली जाने वाली सड़क के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात करीब 9:42 बजे मौके से मोहम्मद अलीम पुत्र मोहम्मद लईक (निवासी शेखूपुर, बहेड़ी) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक 12 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह इलाके में भय पैदा कर अपराध करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।