तौकीर रजा के करीबी कॉलोनाइजर आरिफ की दो संपत्तियों पर चला बुलडोजर, माहौल तनावपूर्ण
बरेली में तौकीर रजा के करीबी कॉलोनाइजर आरिफ की दो कमर्शियल संपत्तियां BDA ने ध्वस्त कीं। मार्केट कॉम्प्लेक्स और शोरूम अवैध, भारी पुलिस बल तैनात, इलाके में तनाव।
➡️ तौकीर रजा के करीबी बिल्डर आरिफ पर BDA का बड़ा एक्शन
➡️ नक्शा कभी पास नहीं कराया, पहले सील, अब बुलडोजर
➡️ फहम लॉन, स्काई लार्क होटल, फ्लोरा गार्डन पहले ही सील
➡️ भारी पुलिस बल तैनात, इलाके में तनाव, सैकड़ों लोग सड़क पर
➡️ दुकानदारों का आरोप: नोटिस तक नहीं दिया गया, माल अंदर फंसा
सैय्यद शाहाबुद्दीन/ जन माध्यम
बरेली। शहर में 26 सितंबर को हुए सांप्रदायिक तनाव के बाद से सुर्खियों में आए मौलाना तौकीर रजा के करीबी माने जाने वाले बिल्डर आरिफ की दो कमर्शियल संपत्तियों पर शनिवार सुबह बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने कार्रवाई की। पीलीभीत बाईपास और जगतपुर क्षेत्र में स्थित एक मार्केट कॉम्प्लेक्स और एक बड़े शोरूम को अवैध निर्माण बताते हुए आंशिक रूप से ध्वस्त कर दिया गया। सुबह करीब 11 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जब जेसीबी मशीनें पहुंचीं तो इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। सैकड़ों लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए और दूर से कार्रवाई देखते रहे।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने बताया कि दोनों परिसरों का नक्शा कभी स्वीकृत नहीं कराया गया था। मार्केट में करीब 15 दुकानें और एक जिम-होम डेकोर सेंटर चल रहा था, जबकि बाईपास पर कपड़ों का बड़ा शोरूम था। पहले इनको सील किया गया था और शनिवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई।आरिफ के करीबियों और इलाके के कुछ कारोबारियों का कहना है कि इतने बड़े निर्माण के लिए पहले कभी कोई नोटिस या चेतावनी नहीं दी गई। उनका दावा है कि कागजात जुटाने की मोहलत तक नहीं मिली और एकाएक इतनी बड़ी कार्रवाई कर दी गई। कई दुकानदारों का पूरा माल अभी भी परिसर के अंदर है, जिसे निकालने की इजाजत नहीं मिल रही।बीडीए ने इससे पहले आरिफ से जुड़े फहम लॉन, स्काई लार्क होटल और फ्लोरा गार्डन को भी सील किया था। सूत्रों का कहना है कि कुछ और संपत्तियों पर भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
इलाके के लोग इस बात से चिंतित हैं कि एक तरफ जहां अवैध निर्माण पर सख्ती जरूरी है, वहीं इतनी जल्दबाजी में सैकड़ों लोगों की रोजी-रोटी पर भी असर पड़ रहा है। फिलहाल दोनों तरफ के लोग इंतज़ार कर रहे हैं कि आगे क्या होता है।