नववर्ष मेले में झलकेगी सनातन आस्था
बरेली क्लब मेला ग्राउंड में 20 से 22 मार्च तक चतुर्थ सनातन नववर्ष मेले का आयोजन। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath को आमंत्रित किया गया, भक्ति, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण।
➡️ 20–22 मार्च को बरेली क्लब मेला ग्राउंड में भव्य आयोजन
➡️ मुख्यमंत्री Yogi Adityanath को दिया गया निमंत्रण
➡️ ‘हर-हर शंभू’, कवि सम्मेलन और रॉक बैंड होंगे आकर्षण
➡️ सनातन संस्कृति व चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर केंद्रित उत्सव
सरफराज़ खान । जन माध्यम
सेंथल (बरेली)। सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सनातन संस्कृति चेतना ट्रस्ट की ओर से चतुर्थ सनातन नववर्ष मेले का आयोजन 20, 21 और 22 मार्च को बरेली क्लब के मेला ग्राउंड में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन को भव्य, गरिमामय और संस्कारयुक्त बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मेला प्रभारी मुकेश जैन, विधायक डॉ. एम.पी. आर्य एवं विधायक डॉ. संजीव अग्रवाल ने लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath को मेले में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आने का आश्वासन दिया है, जिससे आयोजकों में उत्साह का माहौल है।
ट्रस्ट पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ट्रस्टी राहुल गुप्ता के निवास पर आयोजित की गई, जिसमें मेले की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। मेला प्रभारी मुकेश जैन, सहप्रभारी राहुल गुप्ता और राजन जैन ने बताया कि यह आयोजन दिव्य, भव्य और पूर्णतः सनातन मूल्यों पर आधारित होगा। इसका मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति, इतिहास, परंपराओं, मानबिंदुओं और सामाजिक चेतना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
बैठक में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि सनातन नववर्ष को पूर्ण मर्यादा और सांस्कृतिक शालीनता के साथ मनाया जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि मेले में किसी प्रकार का फूहड़ नृत्य, अशोभनीय प्रदर्शन या आडंबर नहीं होगा, बल्कि भारतीय संस्कृति की गरिमा और अध्यात्म की गूंज प्रमुख रूप से दिखाई देगी।
तीन दिवसीय मेले में प्रतिदिन विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 20 मार्च को फिल्म कलाकार अभिलाष पांडा की विशेष भक्ति प्रस्तुति ‘हर-हर शंभू’ होगी। 21 मार्च को भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जबकि 22 मार्च को अतुल पंडित रॉक बैंड की संगीतमय प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।
उल्लेखनीय है कि सनातन नववर्ष (हिंदू नववर्ष) चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होता है। इस वर्ष युगाब्द 5128, विक्रम संवत 2083 की चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 19 मार्च से प्रारंभ हो रही है। इसी उपलक्ष्य में यह आयोजन नववर्ष के सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल, भावेश अग्रवाल तथा ट्रस्टी मनोज दीक्षित, आशु अग्रवाल, सुबोध गुप्ता और आशीष तायल आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। आयोजकों का दावा है कि यह मेला न केवल सांस्कृतिक उत्सव होगा, बल्कि समाज में सकारात्मक चेतना और एकजुटता का संदेश भी देगा।