नए साल के जश्न के लिए की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सड़कों पर उतरे बरेली पुलिस के बड़े अधिकारी
नए साल के जश्न के बीच बरेली पुलिस पूरे शहर में सतर्कता बनाए हुए है। एडीजी रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी सिटी मानुष पारीक ने बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में पैदल गश्त की।
बरेली। नव वर्ष के जश्न के बीच बरेली पुलिस पूरे शहर में सतर्कता बनाए हुए है। एडीजी रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी सिटी मानुष पारीक ने बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में पैदल गश्त की। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और हर संवेदनशील इलाके पर नजर रखने के लिए बरेली पुलिस अलर्ट मोड में है। बरेली के 29 थानों की पुलिस, 6 क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया टीम) और डायल 112 की गाड़ियां पूरी तरह से मुस्तैद हैं। इसके अलावा 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे शहर के हर कोने पर नजर रख रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि शहर में कहीं भी कोई अप्रिय घटना न हो।
आई-ट्रिपल सी सेंटर से पूरे शहर पर नजर:
बरेली नगर निगम का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई-ट्रिपलसी) इस समय पूरी तरह से एक्टिव है। शहर के 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से लाइव फीड मॉनिटर की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत संबंधित टीम को अलर्ट किया जा रहा है। बरेली में नए साल का जश्न अपने चरम पर है। होटल रमाडा और रेडिसन जैसे स्थानों पर भारी भीड़ है। यहां पुलिस ने विशेष टीमें तैनात की हैं जो आने-जाने वालों की निगरानी कर रही हैं। हुड़दंग मचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बॉर्डर इलाकों पर कड़ी सुरक्षा, हुड़दंगियों पर सख्त नजर:
शहर के बॉर्डर इलाकों पर भी पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती है। 72 एंट्री पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग की गई है, और हर आने-जाने वाले वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों पर खास नजर रखी जा रही है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। शहर में तेज रफ्तार गाड़ियों और बाइकों पर नजर रखने के लिए स्पीड गन और ट्रैफिक कैमरों का उपयोग किया जा रहा है।
पूरे शहर में पुलिस की गश्त रातभर जारी रहेगी। हर मुख्य सड़क, बाजार, और सार्वजनिक स्थान पर पुलिस की मौजूदगी बनी रहेगी। डायल 112 की गाड़ियां भी किसी आपात स्थिति में तुरंत पहुंचने के लिए तैनात हैं।
बरेली पुलिस की आम जन अपील:
नागरिकों से अपील है कि वे शराब पीकर गाड़ी न चलाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें, और जश्न मनाते समय दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
नए साल का जश्न हर किसी के लिए यादगार हो, यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि कानून का पालन करें और सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें।
एसएसपी अनुराग आर्य