मीरगंज में फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा बैठक मीरगंज तहसील सभागार में एसडीएम आलोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। कम प्रगति पर तीन लेखपाल और एक कृषि कर्मी को नोटिस जारी।

मीरगंज में फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा
HIGHLIGHTS:

➡️ एसडीएम की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री समीक्षा
➡️ तीन लेखपाल व एक कृषि कर्मी को नोटिस
➡️ पीएम किसान लाभ के लिए रजिस्ट्री अनिवार्य
➡️ एक सप्ताह में शेष रजिस्ट्री पूरी करने के निर्देश

करण पाल सिंह । जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)।
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में राजस्व, कृषि एवं विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए लाभार्थी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। जिन किसानों की रजिस्ट्री नहीं होगी, उनकी पीएम किसान की अगली किस्त प्रभावित हो सकती है।

बैठक में सभी लेखपालों एवं कृषि विभाग के कार्मिकों की गांववार समीक्षा की गई। प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर तीन लेखपाल - सुधाकर शर्मा, परशोत्तम और गौरव सिंह तथा विकासखंड शेरगढ़ के कृषि विभाग से संबंधित टीएसी धर्मेंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

तहसील मीरगंज में कुल 69,373 पीएम किसान लाभार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 56,355 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण की जा चुकी है, जबकि शेष लगभग 6,500 किसानों की रजिस्ट्री एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

खंड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देशित किया गया कि वे पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों और जन सेवा केंद्र प्रभारियों का सहयोग लेकर लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराएं।

बैठक में तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद कुमार सिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ राजेश एवं सहायक विकास अधिकारी (कृषि) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।