बारादरी में दबंगई का आरोप, परिवार बेघर

बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक परिवार को घर से निकालकर अवैध कब्जा कर लिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

बारादरी में दबंगई का आरोप, परिवार बेघर
HIGHLIGHTS:

➡️ दबंगों ने परिवार को घर से किया बेदखल
➡️ मकान पर जबरन अवैध कब्जा
➡️ विरोध करने पर जान से मारने की धमकी
➡️ पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

हसीन दानिश । जन माध्यम
बरेली।
थाना बारादरी क्षेत्र में दबंगई और जबरन कब्जे का सनसनीखेज मामला सामने आया है। माधोबाड़ी ईंट पजाया चौराहा निवासी इमरान पुत्र इसरार खाँ ने पड़ोस में रहने वाली चाँद उर्फ चंदिया और उसके बेटों समेत कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और परिवार को बेघर करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित के अनुसार उनके पिता इसरार खाँ का 6 फरवरी 2026 को निधन हो गया था। घर में शोक का माहौल था। आरोप है कि 8 फरवरी की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच चाँद उर्फ चंदिया अपने 18-20 साथियों के साथ जबरन घर में घुस आई। इमरान का कहना है कि आरोपितों ने उनके साथ, उनकी पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग माँ के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और पूरे परिवार को घर से बाहर निकाल दिया।

इमरान का आरोप है कि आरोपितों ने घर में रखा सामान भी कब्जे में ले लिया। इतना ही नहीं, जब वह अपनी माँ के साथ शिकायत दर्ज कराने पुलिस चौकी जा रहे थे, तो रास्ते में उन्हें रोककर मारपीट की गई और उनका शिकायत पत्र फाड़ दिया गया।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपित चाँद उर्फ चंदिया रेलवे लाइन के पास अवैध जुआ खिलाने और अवैध शराब सप्लाई करने का काम करती है। उसके बेटों पर भी पूर्व में आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात कही जा रही है। मोहल्ले के कुछ लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पहले भी 2-3 मकानों पर कब्जे की चर्चाएं रही हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

शिकायत में नदीम, करीम उर्फ गूँगा, तसलीम उर्फ डम, फिरोज उर्फ कालू, आजाद उर्फ चिडू, मोहम्मद रिहान समेत 12-13 अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं।

वर्तमान में पीड़ित परिवार रिश्तेदारों के यहाँ शरण लिए हुए है। उनका कहना है कि आरोपित लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार भयभीत है।

थाना बारादरी पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित ने प्रशासन और प्रदेश सरकार से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।