वार्ड 72 में अवैध डेयरियों पर नगर निगम का अभियान

मेरठ के वार्ड 72 में नगर निगम ने अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाया। 25 हजार के चालान काटे गए और छह समरसेबल उखाड़कर जब्त किए गए।

वार्ड 72 में अवैध डेयरियों पर नगर निगम का अभियान
HIGHLIGHTS:

➡️ वार्ड 72 में अवैध डेयरियों पर नगर निगम का अभियान
➡️ 25 हजार रुपये के चालान काटे गए
➡️ छह अवैध समरसेबल उखाड़कर जब्त
➡️ पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई

हशमे आलम । जन माध्यम
मेरठ।
नगर निगम द्वारा वार्ड 72 में अवैध रूप से संचालित भैंसों की डेयरियों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम के उड़न दस्ते ने थाना लीसाड़ी गेट पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए डेयरी संचालकों के चालान काटे और अवैध रूप से लगे समरसेबल उखाड़े।

अभियान के दौरान कुछ डेयरी संचालकों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के पहुंचने के बाद हालात शांत हुए, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने अपनी कार्रवाई सुचारू रूप से पूरी की।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत कुल 25 हजार रुपये के चालान काटे गए हैं और छह समरसेबल उखाड़कर नगर निगम की ट्रॉली में भरकर जब्त किए गए। अधिकारियों का कहना है कि अवैध डेयरियों के कारण स्वच्छता और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया।

नगर निगम इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले डेयरी संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे। अभियान के बाद क्षेत्र में साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने को लेकर निगम द्वारा निगरानी बढ़ाने की बात भी कही गई है।