सरकारी आवास में तैनात कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत

बरेली के अलीगंज क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी अधिकारी के सरकारी आवास पर तैनात कर्मचारी वीरेंद्र सक्सेना की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने जहर देकर हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी है।

सरकारी आवास में तैनात कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत
HIGHLIGHTS:

➡️ पीडब्ल्यूडी अधिकारी के सरकारी आवास में तैनात था मृतक
➡️ कमरे में सोते समय बिगड़ी हालत, अस्पताल में मौत
➡️ पत्नी ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया
➡️ मृतक के पीछे पत्नी और 10 वर्षीय बेटा

जन माध्यम

अलीगंज (बरेली)। थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव ढकिया निवासी 45 वर्षीय वीरेंद्र सक्सेना की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। वीरेंद्र सक्सेना पीडब्ल्यूडी के सुपरिंटेंडेंट अभियंता के.के. सिंह के सरकारी आवास पर प्राइवेट फॉलोअर के रूप में कार्यरत थे। मौत की सूचना के बाद परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

परिजनों के अनुसार, वीरेंद्र रोज की तरह रात में खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए थे। ठंड से बचने के लिए उन्होंने कमरे में लोहे के तसले में आग जला रखी थी। सुबह जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आए तो आसपास मौजूद कर्मचारियों ने जाकर देखा, जहां उनकी हालत बिगड़ी हुई मिली। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी शरबती ने मोर्चरी पर आरोप लगाया कि उनके पति को जहर देकर मारा गया है और इस घटना में कई लोगों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक अपने पीछे पत्नी और 10 वर्षीय बेटे आयुष को छोड़ गए हैं।

वहीं, पीडब्ल्यूडी के सुपरिंटेंडेंट अभियंता के.के. सिंह का कहना है कि वीरेंद्र रोजाना की तरह खाना-पीना करने के बाद अपने कमरे में सोने गया था। सुबह टहलने के दौरान जब वह नहीं उठा तो आसपास के लोगों को सूचना दी गई और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और अस्पताल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि हर बिंदु पर जांच के बाद ही मौत के कारणों को स्पष्ट किया जाएगा।