बरेली में पासपोर्ट बनवाना हुआ आसान, चार जिलों में दोगुनी हुई स्लॉट क्षमता, सम्भल में पहली बार आएगी मोबाइल वैन

बरेली पासपोर्ट ऑफिस ने बड़ी राहत दी! नगीना, बिजनौर, रामपुर, पीलीभीत में रोज़ 80 स्लॉट, सम्भल में पहली बार 26-28 नवंबर को मोबाइल वैन। 24 नवंबर से नई व्यवस्था शुरू।

बरेली में पासपोर्ट बनवाना हुआ आसान, चार जिलों में दोगुनी हुई स्लॉट क्षमता, सम्भल में पहली बार आएगी मोबाइल वैन
HIGHLIGHTS:

➡️ बरेली क्षेत्रीय पासपोर्ट ऑफिस का बड़ा ऐलान, स्लॉट दोगुने
➡️ नगीना, बिजनौर, रामपुर, पीलीभीत – अब रोज़ 80 आवेदन (पहले 40)
➡️ अमरोहा, बदायूं, शाहजहांपुर – रोज़ 50 आवेदन (पहले 40)
➡️ नई व्यवस्था 24 नवंबर 2025 से लागू
➡️ सम्भल में पहली बार 26-28 नवंबर को मोबाइल पासपोर्ट वैन
➡️ डीएम ऑफिस परिसर में बायोमेट्रिक, फोटो, दस्तावेज़ सब एक जगह
➡️ अपॉइंटमेंट passportindia.gov.in पर पहले लेना जरूरी

हसीन दानिश/ जन माध्यम

बरेली। पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक लोगों के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय बरेली ने बड़ी राहत दी है। बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए पासपोर्ट सेवा केंद्रों की क्षमता बढ़ा दी गई है। अब आसपास के कई जिलों में प्रतिदिन दोगुने आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। साथ ही सम्भल जिले में पहली बार 26 से 28 नवंबर तक पासपोर्ट विभाग की मोबाइल वैन तैनात की जा रही है।क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि नगीना (बिजनौर), बिजनौर, रामपुर और पीलीभीत के पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीएसके) पर अब प्रतिदिन 40 की जगह 80 आवेदन लिए जाएंगे। वहीं अमरोहा, बदायूं और शाहजहांपुर में स्लॉट की संख्या 40 से बढ़ाकर 50 प्रतिदिन कर दी गई है। ये नई व्यवस्था 24 नवंबर 2025 से लागू हो जाएगी। सभी बदलाव पासपोर्ट सेवा की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट कर दिए गए हैं।
पिछले कुछ महीनों में ऑनलाइन पासपोर्ट आवेदनों में अचानक हुई भारी बढ़ोतरी के कारण लोगों को अपॉइंटमेंट मिलने में काफी परेशानी हो रही थी। नई व्यवस्था से अब आवेदकों को पहले की तुलना में बहुत जल्दी और आसानी से स्लॉट मिल सकेंगे।पासपोर्ट सेवाओं को और जन-जन तक पहुंचाने के लिए सम्भल जिले में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। 26 से 28 नवंबर 2025 तक जिला मुख्यालय के डीएम कार्यालय परिसर में पासपोर्ट विभाग की मोबाइल वैन लगाई जाएगी। इस वैन में दस्तावेज सत्यापन, बायोमेट्रिक, फोटोग्राफी सहित सभी औपचारिकताएं पूरी की जा सकेंगी। इसके लिए भी आवेदकों को पहले पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना अनिवार्य होगा।
श्री सिंह ने कहा, “नागरिकों की सुविधा हमारी प्राथमिकता है। क्षमता वृद्धि और मोबाइल वैन की शुरुआत से लोगों का समय, पैसा और मेहनत तीनों बचेगी। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति पासपोर्ट के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर न भटके।”पासपोर्ट चाहने वाले लोग अब इन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे और लंबी प्रतीक्षा से मुक्ति मिलेगी।