जलभराव वाली कॉलोनियों में पहुंचे डीएम, दिए कार्रवाई के निर्देश

बरेली में डीएम अविनाश सिंह ने जलभराव प्रभावित कॉलोनियों का निरीक्षण किया। नदी की भूमि पर अतिक्रमण, सीमांकन और बिना मानचित्र निर्माण पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

जलभराव वाली कॉलोनियों में पहुंचे डीएम, दिए कार्रवाई के निर्देश
HIGHLIGHTS:

डीएम अविनाश सिंह ने मिनी बाईपास और किला क्षेत्र की जलभराव प्रभावित कॉलोनियों का निरीक्षण किया।

नदी की भूमि और प्राकृतिक जल निकासी क्षेत्र में निर्माण को जलभराव का प्रमुख कारण बताया गया।

बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माणाधीन दो भवनों को सील करने के निर्देश दिए गए।

जन माध्यम
बरेली।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मिनी बाईपास और किला क्षेत्र की जलभराव प्रभावित कॉलोनियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लाजपत नगर, केसर वाटिका, त्रिवेणी एनक्लेव और बालाजी विहार कॉलोनी का भ्रमण कर स्थानीय निवासियों से जलभराव की समस्या की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि नदी की भूमि और प्राकृतिक जल निकासी क्षेत्र में कॉलोनियों के विकसित होने से वर्षा जल का प्रवाह बाधित हो रहा है। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था प्रभावी बनाने और नदी की भूमि पर हुए अतिक्रमण के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

बालाजी विहार में भूमि का सीमांकन कराने तथा अवैध कब्जेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। दो निर्माणाधीन मकानों में स्वीकृत मानचित्र उपलब्ध नहीं होने पर उन्हें सील करने के निर्देश दिए गए। वहीं यूएस मेमोरियल स्कूल में चल रहे निर्माण कार्य को भी अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बिना विधिक स्वीकृति के निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।