बरेली: हाईवे पर खौफनाक वारदात, बक्से में मिला बच्चे का शव, तांत्रिक क्रिया की आशंका
बरेली हाईवे किनारे बक्से में 8 साल के बच्चे का शव मिला; तांत्रिक क्रिया व हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।
➡️ हाईवे किनारे बक्से से 8 साल के बच्चे का शव बरामद
➡️ शरीर पर चोटें, एक आंख क्षतिग्रस्त — हत्या की आशंका
➡️ चिप्स–कुरकुरे पैकेट मिले, मामला संदिग्ध
➡️ तांत्रिक क्रिया की संभावना से इनकार नहीं
➡️ फॉरेंसिक टीम की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
➡️ गुमशुदगी रिपोर्ट खंगालकर पहचान की कोशिश
सैय्यद शाहाबुद्दीन/ जन माध्यम
बरेली। दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नकटिया नदी किनारे झाड़ियों में एक बक्से के अंदर करीब आठ साल के मासूम बच्चे का अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, बच्चे की एक आंख क्षतिग्रस्त थी और शरीर पर चोटों के कई निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका गहरी हो गई है। बक्से के अंदर से चिप्स और कुरकुरे के पैकेट भी बरामद हुए, जिन्हें देखकर मामला और संदिग्ध लग रहा है। पुलिस तांत्रिक क्रिया या किसी अन्य अनुष्ठान के तहत वारदात किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल इकट्ठे किए हैं, वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मासूम की पहचान के लिए जिले और आसपास के इलाकों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट की जांच भी तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर वारदात की दिशा और स्पष्ट होगी। फिलहाल इस खौफनाक घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग बच्चे की पहचान व घटना के खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।