इज्जतनगर में कप्तान का डबल एक्शन

बरेली के इज्जतनगर में गौकशी कांड पर SSP का बड़ा एक्शन। 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड, मुठभेड़ में 3 आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद।

इज्जतनगर में कप्तान का डबल एक्शन
HIGHLIGHTS:

गौकशी कांड में SSP का बड़ा एक्शन

7 पुलिसकर्मी लापरवाही पर सस्पेंड

मुठभेड़ में 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिसकर्मी घायल

अवैध हथियार और गौकशी के उपकरण बरामद

जन माध्यम 
बरेली।
थाना इज्जतनगर क्षेत्र में गौकशी के सनसनीखेज मामले ने न सिर्फ इलाके की फिजा को झकझोर दिया, बल्कि थाना इज्जत पुलिस व्यवस्था की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए। ग्राम फरीदापुर चौधरी में नाले से मिले गौवंशीय अवशेषों ने जहां सामाजिक तनाव की आशंका को जन्म दिया, वहीं शुरुआती स्तर पर पुलिस की सुस्ती ने हालात को और संवेदनशील बना दिया। लेकिन इस बार मामला रूटीन फाइलों में दबने वाला नहीं था क्योंकि कमान संभाले बैठे थे एसएसपी अनुराग आर्य, जिनकी कार्यशैली  एक्शन और अकाउंटेबिलिटी के लिए जानी जाती है। घटना के सामने आते ही एसएसपी ने बिना वक्त गंवाए पूरे मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल तीन विशेष टीमें गठित कर दीं। जांच की कमान तेजतर्रार अधिकारियों को सौंपी गई और साफ निर्देश दिए गए कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी का नतीजा रहा कि महज कुछ ही घंटों में पुलिस ने न केवल मामले का खुलासा किया, बल्कि मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को दबोच कर कानून का सख्त चेहरा भी दिखा दिया। रविवार की रात सिद्धार्थ नगर केंद्रीय विद्यालय के पास पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन अपराधियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में कांस्टेबल राहुल कुमार घायल हो गए। हालात की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और असलम, जीशान व नासिर को गोली मारकर काबू में कर लिया। तीनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुठभेड़ के बाद मौके से पुलिस ने 3 अवैध तमंचे, 3 जिंदा कारतूस, 6 खोखा कारतूस .315 बोर, गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक स्प्लेंडर बाइक और 2 मोबाइल फोन बरामद किए। मुख्य आरोपी असलम का आपराधिक इतिहास पहले से ही दागदार रहा है, जिस पर गौवध और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों की भी कुंडली खंगाली जा रही है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का सबसे अहम पहलू केवल अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं रहा, बल्कि उससे भी बड़ा संदेश उस वक्त गया जब एसएसपी अनुराग आर्य ने थाना स्तर की लापरवाही पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के दो चौकी इंचार्ज चार हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई महज एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उस मानसिकता के खिलाफ सख्त कदम है, जो ड्यूटी को हल्के में लेने की आदत बना चुकी थी।
प्रश्न यह उठता है कि आखिर इतने संवेदनशील मामले में थाना स्तर पर समय रहते सक्रियता क्यों नहीं दिखाई गई? क्या जिम्मेदार अधिकारी हालात की गंभीरता को समझने में विफल रहे, या फिर लापरवाही ने कर्तव्य को निगल लिया? गौवंशीय अवशेष मिलने जैसे मामले अक्सर सामाजिक तनाव को भड़काने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में पुलिस की भूमिका सिर्फ कानून लागू करने की नहीं, बल्कि माहौल को संतुलित बनाए रखने की भी होती है। इज्जतनगर पुलिस इस कसौटी पर फिसलती नजर आई, और यही कारण रहा कि कप्तान ने ‘नो नॉनसेंस’ नीति अपनाते हुए सीधे एक्शन लिया।
एसएसपी अनुराग आर्य की यह कार्यशैली यह स्पष्ट करती है कि अब पुलिसिंग का चेहरा बदल रहा है जहां अपराधियों के खिलाफ सख्ती के साथ साथ विभाग के भीतर की खामियों पर भी उतनी ही तीखी नजर रखी जा रही है। एक ओर जहां मुठभेड़ में अपराधियों को धर दबोचा गया, वहीं दूसरी ओर सिस्टम के भीतर छिपी ढिलाई को भी बेनकाब कर दिया गया।
इस दोहरी कार्रवाई ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। हर स्तर पर यह संदेश साफ पहुंचा है कि अब वर्दी केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। ड्यूटी में चूक अब महज चेतावनी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सीधे कार्रवाई का कारण बनेगी।
वहीं आम जनता के बीच भी इस कार्रवाई को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। लोगों में यह भरोसा जगा है कि पुलिस अब अपने ही सिस्टम की खामियों पर पर्दा डालने के बजाय उन्हें सुधारने के लिए तैयार है। यह घटना उन सभी पुलिसकर्मियों के लिए एक चेतावनी है, जो अपने कर्तव्यों से मुंह मोड़ते हैं, और साथ ही उन अधिकारियों के लिए एक उदाहरण भी है कि सख्त नेतृत्व कैसे व्यवस्था को पटरी पर ला सकता है। क्षेत्राधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ फायरिंग और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इज्जतनगर की यह घटना केवल एक आपराधिक केस नहीं, बल्कि पुलिसिंग के उस बदलते चेहरे की कहानी है, जहां जवाबदेही और सख्ती साथ साथ चल रही है। एसएसपी अनुराग आर्य की यह कार्रवाई यह साबित करती है कि जब नेतृत्व मजबूत और निष्पक्ष हो, तो न केवल अपराधियों पर लगाम लगती है, बल्कि सिस्टम भी खुद को सुधारने के लिए मजबूर हो जाता है।