तमिलनाडु जीत पर रिठौरा में कांग्रेसियों का जश्न
बरेली के रिठौरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तमिलनाडु में कांग्रेस गठबंधन की जीत पर मिठाई बांटकर जश्न मनाया और खुशी जाहिर की।
रिठौरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
मिठाई बांटकर जताई खुशी
तमिलनाडु जनादेश को विकास की जीत बताया
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे
हसीन दानिश। जन माध्यम
बरेली। तमिलनाडु में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने की खुशी रिठौरा नगर में भी देखने को मिली। नगर पंचायत रिठौरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर जोरदार जश्न मनाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन नगर अध्यक्ष ओवैस अंसारी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के समर्थन में नारेबाजी भी की और जीत को लोकतंत्र और विकास की राजनीति की जीत बताया।
नगर अध्यक्ष ओवैस अंसारी ने कहा कि तमिलनाडु की जनता ने लोकतंत्र, विकास और सामाजिक सौहार्द की राजनीति पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन की जीत देश में सकारात्मक राजनीति का संदेश देती है और आने वाले समय में पार्टी और मजबूत होकर उभरेगी।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष नदीम सिद्दीकी एडवोकेट ने कहा कि युवाओं, किसानों और आम जनता ने जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मतदान किया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का जनादेश यह साबित करता है कि जनता अब रोजगार, शिक्षा और विकास के मुद्दों पर राजनीति चाहती है।
सभासद अब्दुल हलीम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से भाईचारे और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की जीत ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है और इसका असर पूरे देश की राजनीति में देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदीप सागर, सादिक भाई टाल वाले, रिजवान अंसारी सभासद, गुड्डू अंसारी, फोरमैन अंसारी, साजिद अंसारी भाईजी, वली हसन मंसूरी, विष्णु सागर, अजय सागर, आरिफ खान और इमरान खान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।