कमिश्नर ने सड़क सुरक्षा की स्टूडेंट को दिलाई शपथ, सीट बेल्ट और हेलमेट की बताई अहमियत...
बरेली। गुरुवार को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं (स्टूडेंट) को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने स्टूडेंट को सीट बेल्ट और हेलमेट के उपयोग की अहमियत पर विशेष जोर दिया। कमिश्नर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों और मृत्यु दर को कम करने में सीट बेल्ट और हेलमेट का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
हर इंसान का जीवन अमूल्य
जिला परिवहन अधिकारी केपी गुप्ता ने स्टूडेंट को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार के लिए हर व्यक्ति का जीवन अमूल्य है। इसलिए घर से निकलते वक्त आदत डालें कि दो पहिया वाहन चलाते वक्त हेलमेट और कार चलाते वक्त सीट बेल्ट जरूर लगाएंगे। इन दोनों की अनिवार्यता समझनी होगी। सड़क हादसे में यदि किसी एक व्यक्ति की क्षति होती है, तो पूरे परिवार को पूर्ति करना मुश्किल होता है। उन्होंने सभी स्कूल बच्चों से अपील की आज से ही प्रयास करें कि घर से निकलने पर यातायात यातायात नियमों का पालन अवश्य करेंगे। हेलमेट और सीट बेल्ट जरूर लगानी है।
खुद के साथ बचाएं दूसरों की जिंदगी
बरेली के एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने कहा कि हर इंसान की जिंदगी धरोहर है। इसको संभाल कर रखना उसकी जिम्मेदारी है। इसलिए यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की जिंदगी को बचाएं। ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे, तो किसी तरह की दिक्कत कभी नहीं होगी। इसके साथ ही सड़क हादसों में भी कमी आएगी इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। कार्यक्रम में आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने भी उपस्थित होकर सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।