बिना OTP खाते से उड़े 53 हजार रुपये

बरेली के शाही क्षेत्र में साइबर ठगों ने युवक के बैंक खाते से बिना OTP साझा किए 53,999 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिना OTP खाते से उड़े 53 हजार रुपये
HIGHLIGHTS:

शाही क्षेत्र के युवक के खाते से तीन ट्रांजेक्शन में 53,999 रुपये निकाले गए।

पीड़ित का दावा, न OTP साझा किया और न किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की।

जन माध्यम
शाही।
साइबर ठगों ने ठगी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने लाते हुए थाना शाही क्षेत्र के एक युवक के बैंक खाते से आधी रात में 53,999 रुपये पार कर दिए। पीड़ित का दावा है कि उसने न तो किसी को ओटीपी बताया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया, जिससे घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्राम बसई निवासी रवि पुत्र ओम प्रकाश के अनुसार 19 जून की रात करीब 12:30 बजे उनके खाते से लगातार तीन ट्रांजेक्शन किए गए। सबसे पहले 49,999.33 रुपये निकाले गए। इसके बाद 2,000 रुपये और फिर 1,999.99 रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ। कुछ ही मिनटों में कुल 53,999.32 रुपये खाते से निकल गए।

रवि ने बताया कि रात में वह मोबाइल नहीं देख पाए। सुबह जब उन्होंने फोन चेक किया तो खाते से रकम निकलने के संदेश देखकर उनके होश उड़ गए। उनका कहना है कि उन्होंने बैंक खाते से जुड़ी कोई गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की थी और न ही किसी अनजान लिंक को खोला था।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद थाना शाही पहुंचकर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें तथा बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा करने से बचें।