देवरनियां में निकली तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे
स्वतंत्रता दिवस पर देवरनियां में तिरंगा यात्रा निकाली गई। रिछा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न संस्थानों पर ध्वजारोहण और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित हुए।
देवरनियां के आला हजरत डिग्री कॉलेज से निकली तिरंगा यात्रा हाईवे होते हुए वापस कॉलेज पहुंची।
देवरनियां और रिछा में स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों पर ध्वजारोहण हुआ।
विभिन्न शिक्षण संस्थानों में देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया।
जन माध्यम
देवरनियां/बरेली। यौमे आजादी यानी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देवरनियां, रिछा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में देशभक्ति का माहौल नजर आया। विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। देवरनियां में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें देशभक्ति के नारे गूंजते रहे।
कस्बे में तिरंगा यात्रा आला हजरत डिग्री कॉलेज से शुरू हुई। यात्रा बरेली-नैनीताल हाईवे से होते हुए वापस कॉलेज पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। कॉलेज के डायरेक्टर सुनैन खां उर्फ सेठी ने आला हजरत डिग्री कॉलेज, रजा इंटर कॉलेज और जनता पब्लिक स्कूल का संयुक्त ध्वजारोहण किया। इस दौरान हाफिज इकराम रजा खां, नगर पंचायत देवरनियां के पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि हसनैन खां उर्फ नेता जी समेत कॉलेज स्टाफ मौजूद रहा।
कोतवाली देवरनियां में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष द्विवेदी ने ध्वजारोहण कर उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। नगर पंचायत कार्यालय पर चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी ने चेयरमैन प्रतिनिधि मोहम्मद अजीम उर्फ टिटू की मौजूदगी में झंडा फहराया।
रिछा के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बीईओ जगदीश कुमार ने ध्वजारोहण किया। यहां शिक्षक नेता बलवीर सिंह, उवैस खान, एआरपी हेमराज और लेखाकार इमरान खान मौजूद रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिछा में सीएचसी प्रभारी डॉ. शशांक रतन यादव ने ध्वजारोहण किया।
इसके अलावा आदर्श कंपोजिट विद्यालय अभयपुर में विनोद वर्मा, सीयूपीएस कचनरा में मनोज गंगवार, एचएमआई इंटरनेशनल स्कूल रिछा में स्कूल निदेशक मोहम्मद रिजवान और समाजसेवी मोहम्मद अशरफ, मिशन ग्लोबल एकेडमी सिंधौरा रिछा में संरक्षक आरके सक्सेना, बेस एकेडमी में प्रबंधक अतीक अहमद और प्रधानाचार्य मोहम्मद इसरार तथा देहली पब्लिक स्कूल में मैनेजर मोहम्मद शारिक और एसपी शर्मा ने ध्वजारोहण किया।
विभिन्न स्कूलों में सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित कर आजादी के सपूतों को याद किया गया।