मजदूरी के नाम पर ले गए युवक को किया गायब, एक साल बाद दर्ज हुई रिपोर्ट

देवरनियां क्षेत्र में मजदूरी के बहाने ले जाए गए युवक के लापता होने के मामले में एक साल बाद न्यायालय के आदेश पर ठेकेदार समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ।

मजदूरी के नाम पर ले गए युवक को किया गायब, एक साल बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
HIGHLIGHTS:

मजदूरी के नाम पर युवक को ले गए आरोपी

लंबे समय तक नहीं मिली कोई जानकारी

न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

ठेकेदार और उसके साथी पर गंभीर आरोप

जन माध्यम
देवरनियां।बरेली।
एक पिता की आंखें आज भी उसी रास्ते पर टिकी हैं, जहां से उसका बेटा मजदूरी के नाम पर गया था और फिर कभी लौटकर नहीं आया।

जनपद रामपुर के थाना भोट क्षेत्र के गांव पैमपुर निवासी रोशन लाल ने न्यायालय में दायर वाद में बताया कि उनका पुत्र राम भजन, जो मेहनत मजदूरी कर परिवार का सहारा था, छह मई 2025 को गांव के ही परिचित अतर सिंह और उसके साथी सौरभ के साथ काम पर गया था। आरोप है कि दोनों ने उसे बरेली के देवरनियां क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी कराने के नाम पर अपने साथ ले लिया।

पीड़ित के अनुसार कुछ दिनों तक बेटे से संपर्क होता रहा, लेकिन बाद में बातचीत बंद हो गई। जब उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की तो टालमटोल जवाब मिला। इसके बाद वह खुद देवरनियां पहुंचे, जहां आरोपियों ने उन्हें भरोसे में लेकर गुमशुदगी दर्ज कराने की बात कही।

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी लंबे समय तक राम भजन का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित पिता का आरोप है कि उनके बेटे को ठेकेदार और उसके साथी ने कहीं गायब कर दिया है। उन्होंने कई बार पुलिस से शिकायत की, यहां तक कि उच्च अधिकारियों को भी पत्र भेजे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

आखिरकार थक हारकर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली देवरनियां पुलिस ने ठेकेदार अतर सिंह और उसके भांजे सौरभ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को गहरे दर्द में डाल दिया है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा कर दिया है कि मजदूरी के नाम पर जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर कितनी सतर्कता बरती जा रही है। अब परिजनों को सिर्फ इस बात का इंतजार है कि उनका बेटा कहां है और उसके साथ क्या हुआ।