जूडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
सेंथल के वेदान विनायक इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित जूडो प्रतियोगिता में 160 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
जूडो प्रतियोगिता में 160 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
कई विद्यालयों के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
मैट पर दांवपेच और तकनीक का शानदार प्रदर्शन
विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
जन माध्यम
सेंथल।बरेली। जब मेहनत, अनुशासन और हौसला एक साथ मैट पर उतरते हैं तो खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं बल्कि जुनून बन जाता है।
वेदान विनायक इंटरनेशनल स्कूल फरीदपुर में शनिवार को बरेली जूडो एसोसिएशन की ओर से जूडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अलग अलग आयु वर्गों के लगभग 160 छात्र छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में महामाया विहार पब्लिक स्कूल, साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज, गोल्डन विंग्स पब्लिक स्कूल, सेंट जोसेफ, द रेनेमा एकेडमी और डीएक्स डाइनामाइट सहित कई विद्यालयों के खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
खिलाड़ियों ने मैट पर अपने दांवपेच, फुर्ती और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को खूब प्रभावित किया। मुकाबलों के दौरान खेल भावना और अनुशासन भी देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता नवीन शर्मा ने किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमर एजाज शानू और युवा नेता अधिवक्ता शारिक खान भी मौजूद रहे।
विद्यालय के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ अमीद मुराद ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। वहीं चेयरपर्सन डॉ सबीन अहसन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के अंत में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।