देवरनिया पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे
बरेली की देवरनिया पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान और 5,200 रुपये नकद बरामद किए। दोनों आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
देवरनिया पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।
चोरी का इन्वर्टर, बैटरी, गैस सिलेंडर, मोबाइल और 5,200 रुपये बरामद।
पूछताछ में पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटनाएं कबूलीं।
जन माध्यम
बरेली। थाना देवरनिया पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और 5,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक जुलाई की रात चेकिंग एवं गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर बरेली-नैनीताल हाईवे स्थित ग्राम वसुपुरा के पास एक खंडहर में दबिश दी गई। यहां से ग्राम गिरधरपुर निवासी विष्णु मौर्य (23) और हाशिम (26) को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक इन्वर्टर, एक बैटरी, तीन गैस सिलेंडर, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 5,200 रुपये नकद बरामद हुए। जांच में बरामद सामान थाना देवरनिया में दर्ज तीन अलग-अलग चोरी के मुकदमों से संबंधित पाया गया। इसके बाद संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि बेरोजगारी और नशे की लत के चलते वे चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी का सामान ग्राम वसुपुरा के पास हाईवे किनारे स्थित खंडहर में छिपाकर रखा जाता था, जिसे बाद में राहगीरों को बेच दिया जाता था। आरोपियों ने ग्राम गोपालपुर के पंचायत भवन और ग्राम मंगदपुर के प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार चोरी के सामान को बेचकर मिली रकम में से 5,200 रुपये बरामद हुए हैं, जबकि शेष राशि खर्च की जा चुकी है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी चोरी का बचा हुआ सामान बेचने के उद्देश्य से खंडहर पहुंचे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक शेखर खोखर, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार तथा कांस्टेबल संदीप कुमार, पवन बंसल और राजन की टीम ने अंजाम दिया।