फरीदपुर पुलिस ने दबोचा बाइक चोर गिरोह, 6 बाइक बरामद
1. गैंग चोरी की बाइक को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेच देता
फरीदपुर, बरेली। देहात की फरीदपुर पुलिस ने बुधवार को एक शातिर बाइक चोर गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 6 बाइक बरामद की गई हैं, जिनके इंजन और चेचिस नंबर मिटा दिए गए थे। गैंग चोरी की बाइक को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेच देता था।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रेशमबाग अंडरपास के पास कुछ युवक चोरी की बाइकों के साथ खड़े हैं। मौके पर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पकडे गए आरोपी फरीदपुर के मोहल्ला भूरे खां गौटिया निवासी सुहैल पुत्र वली उल्ला, इमरान पुत्र अशरफ और बदायूं के बिनावर नई बस्ती निवासी अयान पुत्र आले हसन को गिरफ्तार किया है। तीनों की उम्र 20 से 22 साल के बीच है। पुलिस के मुताबिक अयान पेशे से बाइक मैकेनिक है।
वह चोरी की बाइकों के इंजन नंबर घिसकर नकली नंबर उकेरता था और फिर उन्हें बेचने में मदद करता था। बाकी दोनों साथी बाइक चोरी में उसका साथ देते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पुराने मामलों की भी पड़ताल कर रही है।