महेंद्र गायत्री अस्पताल व त्रिलोकचंद डिग्री कॉलेज में आयोजित हुआ अटल स्मृति सम्मेलन
फतेहगंज पश्चिमी में महेंद्र गायत्री अस्पताल और त्रिलोकचंद डिग्री कॉलेज में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन। भाजपा नेताओं ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई को नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
➡️ अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी पर अटल स्मृति सम्मेलन
➡️ महेंद्र गायत्री अस्पताल और त्रिलोकचंद डिग्री कॉलेज में आयोजन
➡️ भाजपा नेताओं और विद्यार्थियों ने माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
➡️ अटल जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प
➡️ सुशासन, राष्ट्रवाद और ईमानदारी पर जोर
➡️ सांसद, विधायक और स्थानीय भाजपा पदाधिकारी उपस्थित
➡️ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं शामिल
जन माध्यम।
फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)।
कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के रहपुरा रोड स्थित महेंद्र गायत्री अस्पताल एवं त्रिलोकचंद डिग्री कॉलेज परिसर, स्थानीय भाजपा कैंप कार्यालय पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी के अवसर पर अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा विद्यार्थियों ने अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि जिला प्रभारी चौधरी देवेंद्र सिंह, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मीरगंज क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, संजय चौहान सहित अन्य अतिथियों ने अटल बिहारी वाजपेई को नमन करते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प दोहराया।
जिला प्रभारी चौधरी देवेंद्र सिंह ने अटल बिहारी वाजपेई के जीवन के प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्हें भारतीय राजनीति का आधार स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी अपनी अविस्मरणीय कार्यशैली, ईमानदारी और दूरदर्शिता के लिए सदैव स्मरण किए जाएंगे। वे राजनीति के अजातशत्रु थे और ऐसी छवि बनाना आज के दौर में अत्यंत दुर्लभ है।
सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि देश के विकास में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी ने देश के कोने-कोने को जोड़ने का कार्य किया। इस अवसर पर उन्होंने अटल जी की कविताओं की पंक्तियां सुनाकर स्मृतियों को ताजा किया और कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से एसआईआर के कार्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
मीरगंज क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने अटल बिहारी वाजपेई एवं महामना मदन मोहन मालवीय की जन्म शताब्दी पर दोनों महान विभूतियों का भावपूर्ण स्मरण किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व बहुआयामी, सरल, दूरदर्शी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरी आस्था से परिपूर्ण था। तीन बार प्रधानमंत्री रहने के बावजूद उन्हें पक्ष और विपक्ष दोनों का समान सम्मान प्राप्त था।
जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेई के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी उत्कृष्ट वक्ता, सच्चे राष्ट्रसेवक और आदर्श राजनेता थे। उनके सिद्धांत और आदर्श आज की पीढ़ी के लिए पूरी तरह अनुकरणीय हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस मनाने का उद्देश्य देश में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण को और मजबूत करना है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार, सत्येंद्र सिंह यादव, गन्ना समिति चेयरमैन तेजपाल गंगवार, विधायक प्रतिनिधि संजय चौहान, सभासद प्रदीप गुप्ता, शाही चेयरमैन वीरपाल मौर्य, तरुण गंगवार, जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, मंडल अध्यक्ष कैलाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यालय का स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।