50 हजार रुपये समझौते के चार दिन बाद केस दर्ज

शाही थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से मामूली चोट के मामले में 50 हजार रुपये के समझौते के चार दिन बाद रिपोर्ट दर्ज। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी।

50 हजार रुपये समझौते के चार दिन बाद केस दर्ज
HIGHLIGHTS:

➡️ शाही थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से मामूली चोट
➡️ 50 हजार रुपये के समझौते के बाद चार दिन में मामला दर्ज
➡️ आरोपियों ने अन्य लोगों के उकसाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई
➡️ पीड़ित ने क्षेत्र अधिकारी को शिकायत दी
➡️ शाही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की
➡️ न्यायालय से ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए अतिरिक्त खर्च का सामना

जन माध्यम।

दीनानाथ कश्यप। शाही (बरेली)।

शाही थाना क्षेत्र के गाँव फिरोजपुर में मामूली चोट को लेकर विवाद बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को खड़ा ट्रैक्टर अचानक शॉर्ट सर्किट से चालू हो गया और उसकी चपेट में आने से गाँव की ओमवती पत्नी धनपाल को मामूली चोट लगी।

घटना के बाद घायल महिला के पति और देवर नन्हे लाल, महेश पाल ने इलाज के लिए 50 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद पीड़ित ने अपने रिश्तेदारों से उधार लेकर यह राशि जमा कराई। गाँव के सन्मानित लोगों की उपस्थिति में पंचायत आयोजित की गई, जिसमें ट्रैक्टर चालक ने 50 हजार रुपये देने का समझौता किया और तय हुआ कि इस समझौते के बाद कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।

लेकिन आरोप है कि चार दिन बाद, रुपये लेने के बावजूद, आरोपियों ने अन्य लोगों के उकसाने पर लालच में आकर शाही थाने में रिपोर्ट दर्ज कर दी। इसके चलते ट्रैक्टर चालक को न्यायालय से ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए अतिरिक्त खर्च करना पड़ा।

पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने पैसे वापस करने से साफ़ इंकार कर दिया और गाली-गलौज के साथ झगड़े पर उतारू हो गए। पीड़ित ने इस संबंध में क्षेत्र अधिकारी मीरगंज को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शाही पुलिस ने क्षेत्र अधिकारी के आदेश पर ओमवती, धनपाल, महेश पाल और नन्हे लाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।