भोजीपुरा में हिस्ट्रीशीटर की चाकू से गोदकर हत्या, साथी ही निकला कातिल
1. डकैती में साथ कर चुके थे काम
2. परिजनों ने दो और पर षड्यंत्र का आरोप
Bareilly News: देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव रम्पुरा माफी में शनिवार को हिस्ट्रीशीटर मुस्तकीम उर्फ बाबू खां की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके पुराने साथी एहसान पर है, जो वारदात के बाद से फरार है। परिजनों ने दो अन्य लोग कामरान और शहरोज को भी साजिश में शामिल बताया है।पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक मुस्तकीम और एहसान पहले अपराधी प्रवृत्ति के थे और दोनों पर भोजीपुरा थाने में डकैती का केस भी दर्ज है। पुलिस ने दोनों की हिस्ट्रीशीट भी खोल रखी थी। कुछ समय से मुस्तकीम अपराध से दूर होकर मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था।
पहले घर बुलाया, फिर चाकू से करदी हत्या
शनिवार को मुस्तकीम गांव में एक निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी कर रहा था। तभी एहसान वहां आया और उसे बहाने से अपने घर ले गया। गांव वालों के अनुसार घर पहुंचते ही एहसान ने मुस्तकीम के सीने, गर्दन, पीठ और कलाई पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। लहूलुहान हालत में ग्रामीणों ने उसे गंभीर अवस्था में नजदीकी एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो और आरोपियों के नाम एफआईआर में शामिल
परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में एहसान के अलावा गांव के ही कामरान और शहरोज को भी हत्या की साजिश में शामिल बताया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
"हत्या के मामले में पुलिस पूरी तत्परता के साथ जांच कर रही है। फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा- मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी उत्तरी।"