डीएम के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास

मथुरा डीएम चंद्र प्रकाश सिंह के नाम और फोटो से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास किया गया। मामले में साइबर सेल को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास
HIGHLIGHTS:

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास।

मैसेंजर पर बातचीत के बाद सस्ते सामान के नाम पर जाल बिछाने की कोशिश।

डीएम ने साइबर सेल को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

जन माध्यम
मथुरा। 
साइबर ठगों ने इस बार मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास किया। मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने साइबर सेल को एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम लोगों से ऐसे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से सतर्क रहने की अपील की गई है।

अखिल भारत हिंदू महासभा के उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित संजय हरियाणा ने बताया कि शनिवार रात उन्हें डीएम के नाम और फोटो वाली फेसबुक प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। इसके बाद मैसेंजर पर बातचीत शुरू हुई और उनसे मोबाइल नंबर मांगा गया।

परिजनों के अनुसार नंबर मिलने के बाद जालसाज ने अंग्रेजी में संदेश भेजकर दावा किया कि उसका एक परिचित सीआरपीएफ अधिकारी स्थानांतरण के कारण घर का फर्नीचर और बिजली का सामान कम कीमत पर बेचना चाहता है। संदेह होने पर पंडित संजय हरियाणा ने प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया कि फेसबुक पर उनका कोई व्यक्तिगत अकाउंट नहीं है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्व फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को गुमराह करने और ठगी का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट पर भरोसा न करें और बिना सत्यापन किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन न करें।

प्रशासन के अनुसार इससे पहले भी जिलाधिकारी के नाम से फेसबुक और व्हाट्सएप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर अधिकारियों और आम लोगों से पैसे मांगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस बार भी मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।