होटल सीलिंग के विरोध में अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी
वृन्दावन में बिना पूर्व सूचना होटल और गेस्ट हाउस सील किए जाने के विरोध में व्यापारियों ने बैठक कर अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी दी।
बिना नोटिस सीलिंग कार्रवाई के विरोध में होटल संचालकों ने बैठक की।
प्रशासन से सील प्रतिष्ठानों को तत्काल खोलने और स्पष्ट दिशा-निर्देश देने की मांग।
मांगें नहीं मानी गईं तो अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी।
जन माध्यम
मथुरा। वृन्दावन में बिना पूर्व सूचना होटल और गेस्ट हाउसों को सील किए जाने की कार्रवाई के विरोध में होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों की नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में व्यापारियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो होटल और गेस्ट हाउस अनिश्चितकालीन बंद कर दिए जाएंगे।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष आलोक बंसल ने कहा कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने मांग की कि बिना नोटिस सील किए गए प्रतिष्ठानों को तत्काल खोला जाए तथा भविष्य में किसी भी कार्रवाई से पहले निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए।
होटल और गेस्ट हाउस संचालकों का कहना था कि वे नियमों का पालन करने के पक्षधर हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि सभी मानकों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए तो सभी संचालक उनका पालन करने के लिए तैयार हैं।
बैठक में व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि हेल्प डेस्क, एमवीडीए और फायर विभाग सहित संबंधित एजेंसियां कई व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त नहीं कर सकी हैं। ऐसे में केवल होटल और गेस्ट हाउस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से संवाद के माध्यम से व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की।
बैठक में आलोक बंसल, लक्ष्मीनारायण दीक्षित, आशीष ठाकुर, आशू गौतम, प्रदीप बनर्जी, रामू गुप्ता, पुनीत शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।