मीरगंज में विधायक व एसडीएम ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल
मीरगंज तहसील में विधायक डॉ. डीसी वर्मा और उपजिलाधिकारी आलोक कुमार ने गरीब व असहाय लोगों को कंबल वितरित किए, जिससे ठंड के मौसम में राहत मिली।
➡️ मीरगंज में गरीबों को कंबल वितरण
➡️ विधायक डॉ. डीसी वर्मा और एसडीएम
➡️ लगभग 200 जरूरतमंदों को लाभ
➡️ ठंड में राहत, वितरण अभियान जारी
करण पाल सिंह । जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)। शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मीरगंज तहसील क्षेत्र में कड़ाके की ठंड को देखते हुए जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय स्तर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा एवं उपजिलाधिकारी आलोक कुमार की मौजूदगी में ग्राम मिर्जापुर में कैंप लगाकर गरीब व असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद कुमार, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कैंप के माध्यम से तहसील क्षेत्र के लगभग 200 गरीब और असहाय लोगों को कंबल वितरित कर ठंड से राहत दी गई।
कंबल वितरण का लाभ मिर्जापुर, दिनरा, सुकली, फिदाईपुर, अक्सौरा, आनंदपुर, बलही पहाड़पुर, मडवा बंशीपुर, बफरी बुजुर्ग सहित कई गांवों के जरूरतमंद लोगों को मिला। प्रशासन ने बताया कि शेष गांवों में भी क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार के पर्यवेक्षण में लगातार कंबल वितरण का कार्य जारी है।
विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि ठंड के मौसम में कोई भी गरीब व असहाय व्यक्ति राहत से वंचित न रहे। वहीं उपजिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि तहसील क्षेत्र में जरूरतमंदों की पहचान कर चरणबद्ध तरीके से कंबल वितरण कराया जा रहा है।