मीरगंज में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने सक्रिय प्रशासन, हाईवे कट पॉइंट्स का गहन निरीक्षण

मीरगंज प्रशासन ने हाईवे पर दुर्घटना संभावित कट पॉइंट्स का औचक निरीक्षण कर सुधारात्मक कदम उठाने की तैयारी की।

मीरगंज में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने सक्रिय प्रशासन, हाईवे कट पॉइंट्स का गहन निरीक्षण
मीरगंज में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने सक्रिय प्रशासन, हाईवे कट पॉइंट्स का गहन निरीक्षण
HIGHLIGHTS:

➡️ मीरगंज प्रशासन ने हाईवे पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया
➡️ दुर्घटना संभावित कट पॉइंट्स और जोखिम स्थलों की जांच
➡️ सड़क, संकेतक बोर्ड, डिवाइडर, प्रकाश व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण
➡️ सुधारात्मक कार्यों के लिए विभागों को निर्देश
➡️ सड़क सुरक्षा और यातायात नियम पालन पर जोर

करण पाल सिंह/ जन माध्यम

मीरगंज,बरेली। सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से मीरगंज प्रशासन सक्रिय हो गया है। शासन के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी हाईवे शिवम आशुतोष सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान दुर्घटना संभावित स्थलों की बारीकी से जांच की गई और आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर मंथन हुआ।

निरीक्षण झुमका चौराहे से लेकर रामपुर बॉर्डर लाभारी तक किया गया। विशेष रूप से फतेहगंज पश्चिमी हाईवे क्षेत्र में स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास, 79 ठिरिया खेतल के निकट बने कट पॉइंट का गहन निरीक्षण किया गया, जहां पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। अधिकारियों ने मौके पर सड़क की भौतिक स्थिति, संकेतक बोर्डों की उपलब्धता, डिवाइडर, कट पॉइंट्स की बनावट, अतिक्रमण, प्रकाश व्यवस्था और यातायात के दबाव का विस्तार से जायजा लिया।

इस निरीक्षण अभियान में फतेहगंज पश्चिमी थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने दुर्घटना संभावित स्पॉट्स को चिन्हित करते हुए आपसी समन्वय से आवश्यक सुधारों पर चर्चा की। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि चिन्हित स्थलों पर शीघ्र सुधारात्मक कार्य कराए जाएं, ताकि आम जनता को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

प्रशासन ने यातायात नियमों के सख्ती से पालन और आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमित निरीक्षण, विभागीय तालमेल और समयबद्ध सुधार कार्यों के माध्यम से हाईवे को अधिक सुरक्षित बनाया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकेगी। प्रशासन की इस पहल को स्थानीय लोगों ने भी सकारात्मक कदम बताया है।