रेलवे ने जारी किया जुलाई का ट्रेन अपडेट

मुरादाबाद मंडल ने जुलाई 2026 के लिए रेल यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है। ललितपुर यार्ड री-मॉडलिंग के कारण कई ट्रेनें निरस्त व परिवर्तित मार्ग से चलेंगी, जबकि साबरमती-हरिद्वार स्पेशल का संचालन बढ़ाया गया है।

रेलवे ने जारी किया जुलाई का ट्रेन अपडेट
HIGHLIGHTS:

ललितपुर यार्ड री-मॉडलिंग के चलते कई ट्रेनें जुलाई में निरस्त और परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।

साबरमती-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन जुलाई के अंत तक बढ़ाया गया।

बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस 30 जून को अतिरिक्त 90 मिनट पुनर्निर्धारित की गई।

जन माध्यम
मुरादाबाद।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने रेल यात्रियों के लिए जुलाई 2026 का महत्वपूर्ण परिचालन अपडेट जारी किया है। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर यार्ड री-मॉडलिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। वहीं अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए साबरमती–हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ा दी गई है। इसके अलावा बनारस–नई दिल्ली एक्सप्रेस को भी पुनर्निर्धारित किया गया है।

रेलवे के अनुसार ललितपुर स्टेशन पर 1 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक प्री नॉन-इंटरलॉकिंग, नॉन-इंटरलॉकिंग और पोस्ट नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किए जाएंगे। इसके चलते 05074 लालकुआं–केएसआर बेंगलुरु, 05073 केएसआर बेंगलुरु–लालकुआं, 07363 एसएसएस हुब्बली जंक्शन–योगनगरी ऋषिकेश तथा 07364 योगनगरी ऋषिकेश–एसएसएस हुब्बली जंक्शन निर्धारित तिथियों पर निरस्त रहेंगी। वहीं 12172 हरिद्वार–लोकमान्य तिलक टर्मिनल, 14313 लोकमान्य तिलक टर्मिनल–बरेली तथा 14319 इंदौर–बरेली का संचालन निर्धारित तिथियों पर परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 09425/09426 साबरमती–हरिद्वार–साबरमती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि भी बढ़ा दी है। गाड़ी संख्या 09425 प्रत्येक सोमवार 6 जुलाई से 27 जुलाई तक तथा 09426 प्रत्येक मंगलवार 7 जुलाई से 28 जुलाई तक कुल आठ-आठ फेरों के लिए संचालित होगी। उत्तर रेलवे पर इस ट्रेन के समय में भी आंशिक संशोधन किया गया है।

इसके अलावा जंघई–निभापुर–गौरा रेलखंड पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण गाड़ी संख्या 15127 बनारस–नई दिल्ली एक्सप्रेस (30 जून) को पहले से निर्धारित 60 मिनट के पुनर्निर्धारण के अतिरिक्त 90 मिनट और विलंब से चलाया गया। इस प्रकार ट्रेन कुल 150 मिनट पुनर्निर्धारित होकर रवाना हुई।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।