सड़क बदहाली पर गंदे पानी में बैठा समाजसेवी

बरेली में जादोपुर-खजुरिया मार्ग की बदहाली के विरोध में समाजसेवी फय्याज अहमद अल्वी ने गंदे पानी में बैठकर रेलवे प्रशासन के खिलाफ अनोखा धरना दिया और सड़क मरम्मत की मांग उठाई।

सड़क बदहाली पर गंदे पानी में बैठा समाजसेवी
HIGHLIGHTS:

जादोपुर-खजुरिया मार्ग की बदहाली के विरोध में समाजसेवी ने अनोखा प्रदर्शन किया।

बारिश के बाद सड़क पर जलभराव और कीचड़ से आवागमन हुआ प्रभावित।

ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की।

जन माध्यम
बरेली।
बारिश के बाद जादोपुर से खजुरिया जाने वाला मार्ग दलदल में तब्दील होने पर मंगलवार को समाजसेवी फय्याज अहमद अल्वी ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क पर भरे गंदे पानी में बैठकर करीब पांच मिनट तक अकेले धरना दिया और मार्ग की बदहाल स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।

समाजसेवी फय्याज अहमद अल्वी का कहना है कि खजुरिया रेलवे फाटक बंद होने के बाद खजुरिया, महेशपुर, शिव सिंहपुर समेत कई गांवों के लोगों के लिए जादोपुर फाटक होकर जाने वाला यही प्रमुख मार्ग बचा है। आरोप है कि रेलवे प्रशासन ने सड़क का निर्माण तो कराया, लेकिन उसके रखरखाव और मरम्मत पर वर्षों से कोई ध्यान नहीं दिया।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के बाद सड़क पर दो-दो फुट गहरे गड्ढे बन गए हैं और करीब एक किलोमीटर तक जलभराव व कीचड़ के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और छात्राओं को हो रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है।

धरने के दौरान फय्याज अहमद अल्वी ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीणों की समस्या को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।