धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के बरकापुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पीलीभीत जिले के रहने वाले मुजम्मिल (26) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, हत्यारों ने उनका प्राइवेट पार्ट भी काट डाला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने झाड़ियों में उनका शव पड़ा देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक मुजम्मिल मूल रूप से पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के मीरपुर वाहनपुर गांव के निवासी है। परिजनों के मुताबिक वह सोमवार को घर से निकला था और उसके बाद से लापता था। घरवालों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में गुमशुदगी की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी।
फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे अवैध संबंधों का मामला हो सकता है। जिस निर्ममता से मुजम्मिल की हत्या की गई, उससे लगता है कि वारदात को अंजाम देने वाले हत्यारे निजी रंजिश से भरे हुए थे। हालांकि, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही।