सहकारिता जागरूकता रैली से किसानों को किया जागरूक

राष्ट्रीय सहकारिता जागरूकता सप्ताह के तहत फतेहगंज पश्चिमी में सहकारिता विभाग ने जागरूकता रैली निकालकर किसानों को ऋण, खाद, डिजिटल सेवाओं और सहकारी योजनाओं की जानकारी दी।

सहकारिता जागरूकता रैली से किसानों को किया जागरूक
HIGHLIGHTS:

• राष्ट्रीय सहकारिता जागरूकता सप्ताह के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।

• किसानों को ऋण, खाद, सदस्यता और डिजिटल सहकारी सेवाओं की जानकारी दी गई।

• अधिकारियों ने गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

जन माध्यम 
फतेहगंज पश्चिमी। बरेली।
राष्ट्रीय सहकारिता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत फतेहगंज पश्चिमी में सहकारिता विभाग की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। विकास खंड कार्यालय से शुरू होकर कस्बे तक पहुंची रैली के माध्यम से किसानों और आमजन को सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

रैली का नेतृत्व खंड विकास अधिकारी आशीष पाल तथा सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) ज्ञानेन्द्र भास्कर ने किया। इस दौरान सभी समिति सचिव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने समिति सचिवों को ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर सहकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

रैली के दौरान किसानों को अल्पकालिक कृषि ऋण वितरण, सहकारी समितियों पर निर्धारित दरों पर यूरिया, डीएपी और एनपीके खाद की उपलब्धता तथा समिति की सदस्यता लेने की प्रक्रिया और उसके लाभों की जानकारी दी गई।

खंड विकास अधिकारी आशीष पाल ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों को खाद, बीज और ऋण जैसी सुविधाएं पारदर्शी एवं डिजिटल व्यवस्था के तहत उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने समिति सचिवों से अधिक से अधिक किसानों को इन योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

सहायक विकास अधिकारी ज्ञानेन्द्र भास्कर ने बताया कि पैक्स के कम्प्यूटरीकरण, डिजिटल भुगतान प्रणाली, कॉमन सर्विस सेंटर, फसल बीमा योजना तथा जन औषधि केंद्र जैसी पहल से किसानों को सुविधाएं मिल रही हैं और उनका समय व खर्च दोनों बच रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में समिति सचिवों ने अधिक से अधिक किसानों को सहकारिता आंदोलन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया।