पिकअप पलटने से ठेले वाले की मौत, चालक घायल

बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में हाईवे पर बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित पिकअप ठेले पर पलट गई। हादसे में ठेला संचालक की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।

पिकअप पलटने से ठेले वाले की मौत, चालक घायल
HIGHLIGHTS:

• बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित पिकअप ठेले पर पलट गई।

• ठेला संचालक सर्वेश कश्यप की अस्पताल में मौत, चालक घायल।

• पुलिस ने पिकअप कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जन माध्यम

 फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)।फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित सरजू कट के पास रविवार शाम हुए सड़क हादसे में एक ठेला संचालक की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार पिकअप चालक ने कट पर मुड़ रहे बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रहे ठेले पर पलट गया।

पुलिस के अनुसार, चितौली गांव निवासी 35 वर्षीय सर्वेश कश्यप ठिरिया खेतल में चाट का ठेला लगाकर रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरेली की ओर से आ रही पिकअप अनियंत्रित होकर उनके ठेले पर पलट गई। हादसे में सर्वेश कश्यप और पिकअप चालक मुजम्मिल, निवासी देवबंद (सहारनपुर), गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने सर्वेश कश्यप को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल चालक का उपचार जारी है।

हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सर्वेश कश्यप चार भाइयों में सबसे बड़े थे। वह अपने पीछे पत्नी सोमवती और छह वर्षीय पुत्र राजू को छोड़ गए हैं।

पुलिस ने टोल प्लाजा की क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। क्षेत्राधिकारी हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पिकअप को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।