सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर इनकम टैक्स की रेड
बरेली के सीबीगंज स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर आयकर विभाग की छापेमारी। कम्प्यूटर, लैपटॉप, हार्डडिस्क और सीसीटीवी जब्त, डिजिटल रिकॉर्ड की जांच जारी।
➡️ सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर आयकर की छापेमारी
➡️ कम्प्यूटर, लैपटॉप, हार्डडिस्क और सीसीटीवी जब्त
➡️ मैनेजर व कर्मचारियों के मोबाइल भी कब्जे में
➡️ फैक्ट्री में आवाजाही पर लगाई गई रोक
जन माध्यम
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर गुरुवार को आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की। रेड के दौरान फैक्ट्री परिसर में अंदर-बाहर आने-जाने वालों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।
सूत्रों के अनुसार, आयकर टीम ने फैक्ट्री के दफ्तर से कम्प्यूटर, लैपटॉप, हार्डडिस्क और सीसीटीवी सिस्टम को अपने कब्जे में लिया है। डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। टीम ने फैक्ट्री के मैनेजर और कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया और सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।
आयकर विभाग की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।