रूपपुर में रफ्तार पकड़ता विकास

रूपपुर गांव में सीसी सड़क और नाली निर्माण शुरू, कब्रिस्तान मार्ग सहित आधा किलोमीटर सड़क से ग्रामीणों को राहत।

रूपपुर में रफ्तार पकड़ता विकास
HIGHLIGHTS:

➡️ रूपपुर गांव में विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार
➡️ कब्रिस्तान मार्ग सहित सीसी सड़क निर्माण शुरू
➡️ आधा किलोमीटर तक सीसी मार्ग और नालियों का निर्माण
➡️ जलभराव और आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत
➡️ ग्राम प्रधान नाजिम अली के प्रयासों की ग्रामीणों ने की सराहना

सरफराज़ खान/ जन माध्यम

सैंथल (बरेली)। क्षेत्र के गांव रूपपुर में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है और अब गांव में विकास की गंगा बहने लगी है। लंबे समय से जर्जर हालात में पड़े रास्तों और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। ग्राम प्रधान नाजिम अली की पहल पर एक के बाद एक निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं, जिससे गांव की तस्वीर बदलती नजर आ रही है।

ग्राम प्रधान नाजिम अली ने बताया कि गांव से कब्रिस्तान को जाने वाला मार्ग काफी समय से बेहद खस्ता हालत में था। बारिश और कीचड़ के कारण लोगों को अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए कब्रिस्तान तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए गांव से कब्रिस्तान तक सीसी मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है, जो जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा गांव के कई अन्य हिस्सों में भी सीसी मार्ग और नाली निर्माण का कार्य एक साथ कराया जा रहा है। इमामबाड़े से नवाब के घर तक सीसी मार्ग निर्माण, रिजवान के घर से नन्हें शाह के मकान तक सीसी सड़क, मेन रोड से अवधेश के मकान तक नाली सहित सीसी मार्ग, त्यागा देवी के मकान से नेमचंद्र के मकान तक सीसी सड़क व नाली, तथा मेन रोड से राम बहादुर के मकान तक सीसी मार्ग व नाली निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।

कुल मिलाकर गांव में लगभग आधा किलोमीटर सीसी मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। इन विकास कार्यों से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि जलभराव की समस्या से भी ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

गांव में चल रहे निर्माण कार्यों से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद गांव में योजनाबद्ध तरीके से विकास हो रहा है। ग्रामवासी ग्राम प्रधान नाजिम अली की सक्रियता और प्रयासों की सराहना करते हुए उनके कार्यों के कसीदे पढ़ते नजर आ रहे हैं।