तहसील दिवस में आईं 40 शिकायतें
मीरगंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 40 शिकायतें दर्ज हुईं। एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
• मीरगंज तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी 40 शिकायतें दर्ज हुईं।
• दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
• एडीएम न्यायिक ने अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
अबधेश पाठक/जन माध्यम
मीरगंज/बरेली। मीरगंज तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 15, पूर्ति विभाग की 9, पुलिस विभाग की 6, ग्राम विकास विभाग की 5 तथा बिजली विभाग की 5 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें भूमि विवाद, राशन वितरण में अनियमितता, विद्युत आपूर्ति, ग्राम विकास कार्यों में लापरवाही और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देने पर भी जोर दिया।
एडीएम न्यायिक ने कहा कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है। तहसील दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।