एसआईआर को लेकर मीरगंज में विशेष बैठक

मीरगंज तहसील में एसआईआर कार्यक्रम को लेकर विशेष बैठक हुई। एसडीएम ने बीएलओ को मैपिंग-नॉन मैपिंग मतदाताओं के दस्तावेज अपलोड और दावे-आपत्ति की प्रक्रिया समझाई।

एसआईआर को लेकर मीरगंज में विशेष बैठक
HIGHLIGHTS:

➡️ एसआईआर को लेकर तहसील सभागार में विशेष बैठक
➡️ एसडीएम आलोक कुमार सिंह ने की अध्यक्षता
➡️ 444 बीएलओ को मिला प्रशिक्षण
➡️ बीएलओ एप से कार्य प्रक्रिया समझाई

करण पाल सिंह/ जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से मंगलवार को तहसील सभागार में एक विशेष प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह ने की। इस दौरान मीरगंज विधानसभा क्षेत्र के एआरओ, सुपरवाइजरों और 444 बीएलओ को दावा, आपत्ति, नोटिस वितरण एवं सुनवाई से जुड़ी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम ने बीएलओ एप के माध्यम से की जाने वाली समस्त कार्यवाहियों को चरणबद्ध तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि एप के जरिए मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के दावे, नाम पर आपत्ति, नाम में संशोधन, मकान संख्या एवं अन्य विवरणों में सुधार निर्धारित प्रपत्रों के अनुसार किया जाएगा। इसके साथ ही मैपिंग और नॉन-मैपिंग मतदाताओं के दस्तावेजों को ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया भी बीएलओ को व्यावहारिक रूप से समझाई गई।

एसडीएम आलोक कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बीएलओ स्तर की सभी कार्यवाहियां तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि एआरओ को नोटिस जारी करने और सुनवाई के लिए आवश्यक स्थान पहले ही आवंटित कर दिए गए हैं, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी फतेहगंज पश्चिमी भानुशंकर गंगवार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बीएलओ से निर्वाचन कार्य को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने का आह्वान किया।